बीटा-1 में अवैध PG और गेस्ट हाउसों पर कार्रवाई की मांग, RWA ने प्राधिकरण को सौंपा पत्र

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (02/11/2026): सेक्टर बीटा-1 में संचालित हो रहे पीजी और गेस्ट हाउसों को लेकर स्थानीय निवासियों की नाराजगी बढ़ती जा रही है। सेक्टर की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से बिना अनुमति चल रही इन व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने और पीजी व गेस्ट हाउसों को बंद कराने की मांग की है। आरडब्ल्यूए का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण सेक्टर की सुरक्षा, शांति और आवासीय वातावरण प्रभावित हो रहा है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी और कोषाध्यक्ष विपिन कुमार भाटी सहित अन्य पदाधिकारियों ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी को संबोधित पत्र में कई घटनाओं का उल्लेख किया है। पत्र के अनुसार, पीजी और गेस्ट हाउसों में रहने वाले कुछ लोगों के बीच आए दिन विवाद, मारपीट और हंगामे की शिकायतें सामने आ रही हैं। देर रात तक तेज आवाज में शोर मचाने और शराब के नशे में झगड़ा करने जैसी गतिविधियों से आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी हो रही है।

बीटा प्लाजा और सी-ब्लॉक की घटनाओं का किया उल्लेख

आरडब्ल्यूए ने अपने पत्र में बीटा प्लाजा के पास हुई एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि पीजी और गेस्ट हाउस में रहने वाले कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने सेक्टर में खड़ी एक कार का शीशा भी तोड़ दिया था। वहीं, सी-ब्लॉक में पीजी संचालन को लेकर स्थानीय निवासियों और संचालक के बीच विवाद होने की बात कही गई है। आरोप है कि संचालक ने विरोध करने वाले लोगों के साथ अभद्रता की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी।

एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया है कि पूर्व में एक मकान मालिक पर फायरिंग की घटना हो चुकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी शिकायतों के चलते सेक्टर के लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। आरडब्ल्यूए के मुताबिक, स्थानीय निवासी रात के समय भी पुलिस से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन पीजी और गेस्ट हाउसों से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं।

आवासीय सेक्टर में व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग

आरडब्ल्यूए का तर्क है कि बीटा-1 मूल रूप से आवासीय सेक्टर है, ऐसे में यहां नियमों के विपरीत पीजी और गेस्ट हाउसों का संचालन नहीं होना चाहिए। एसोसिएशन ने आशंका जताई है कि यदि समय रहते संबंधित गतिविधियों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में कोई गंभीर घटना हो सकती है।

पत्र के साथ सी-ब्लॉक की एक घटना से संबंधित निवासी की शिकायत भी संलग्न की गई है। आरडब्ल्यूए ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण से सेक्टर में संचालित पीजी और गेस्ट हाउसों की जांच कराने, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने और अवैध संचालन बंद कराने की मांग की है। पत्र की प्रतिलिपि बीटा-2 थाना पुलिस को भी भेजी गई है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।