नोएडा से चौंकाने वाला मामला, शादी से नाराज पिता और भाई ने ली नेहा की जान

टेन न्यूज नेटवर्क

गौतम बुद्ध नगर (13 मार्च, 2025): थाना बिसरख क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज तीन घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतका के पिता भानु राठौर और भाई हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 23 वर्षीय नेहा, निवासी ग्राम चिपियाना, का सूरज नामक युवक से प्रेम संबंध था। सूरज, ग्राम बेसलौटा, थाना बाबूगढ़ छावनी, हापुड़ का रहने वाला है। नेहा के परिवार वाले इस रिश्ते से नाखुश थे और उन्होंने नेहा को सूरज से मिलने से मना कर दिया था। इसके बावजूद, 11 मार्च 2025 को नेहा ने गाजियाबाद के आर्य समाज मंदिर में सूरज के साथ परिवार से छिपकर शादी कर ली।

जब इस शादी की जानकारी नेहा के पिता भानु राठौर और भाई हिमांशु को हुई, तो वे बेहद नाराज हो गए। पुलिस जांच में पता चला कि 12 मार्च 2025 की सुबह नेहा की उसके पिता और भाई ने मिलकर हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने शव का तुरंत अंतिम संस्कार कर दिया, ताकि मामले को छुपाया जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही थाना बिसरख पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की और मात्र तीन घंटे में मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतका के पिता और भाई को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

यह मामला समाज में ऑनर किलिंग की एक और दुखद घटना को उजागर करता है, जहां परिवार की झूठी शान के लिए एक बेटी की जान ले ली गई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और दोषियों को सख्त सजा दिलाने का प्रयास कर रही है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।