इंस्टाग्राम पर दोस्ती करना ब्रिटिश महिला को पड़ा भारी!, दिल्ली में गैंग रेप

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (13 मार्च 2025): दिल्ली के महिपालपुर इलाके में एक ब्रिटिश महिला के साथ गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस घटना में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी की पहचान कैलाश के रूप में हुई है, जो सोशल मीडिया के जरिए पीड़िता से जुड़ा था। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद दोनों आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की गई। इस घटना की जानकारी ब्रिटिश हाई कमिशन को भी दी गई है।

सोशल मीडिया के जरिए हुई थी दोस्ती

पीड़िता के मुताबिक, उसकी मुलाकात आरोपी कैलाश से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों के बीच रोज बातचीत होती थी, जिससे उनकी दोस्ती गहरी हो गई। बातचीत के दौरान ही महिला ने भारत आने का फैसला किया। वह पहले महाराष्ट्र और गोवा की यात्रा पर गई और फिर आरोपी से मिलने दिल्ली पहुंची। इसी दौरान महिपालपुर स्थित एक होटल में महिला के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला ने खुद महिपालपुर के होटल में कमरा बुक किया था। आरोपी कैलाश ने महिला से मिलने के लिए कहा था, लेकिन दूरी की वजह से उसने दिल्ली आने को कहा। महिला आरोपी के कहने पर दिल्ली पहुंची और होटल में ठहरी। आरोप है कि इसी होटल में आरोपी और उसके साथी ने मिलकर महिला के साथ गैंगरेप किया।

आरोपी को रील बनाने का शौक

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी कैलाश पूर्वी दिल्ली के वसुंधरा एन्क्लेव इलाके का रहने वाला है। उसे इंस्टाग्राम पर रील बनाने और सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने का काफी शौक था। इसी के जरिए उसने ब्रिटिश महिला से दोस्ती की और उसे भारत बुलाया। कैलाश ने महिला को अपने झांसे में लेकर दिल्ली बुलाया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और जांच शुरू कर दी। छानबीन के दौरान होटल के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। एक आरोपी पर गैंगरेप का आरोप है, जबकि दूसरे पर छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

ब्रिटिश हाई कमिशन को दी गई सूचना

दिल्ली पुलिस ने इस घटना की जानकारी ब्रिटिश हाई कमिशन को भी दे दी है। वहीं, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है, जिससे आरोपों की पुष्टि हुई है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस घटना के बाद दिल्ली में विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।