501 आबकारी दुकानों की E-Lottery प्रक्रिया कैसी होगी? जानें जिला आबकारी अधिकारी सुबोध श्रीवास्तव से

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (06 मार्च 2025): गौतमबुद्ध नगर जिले में आज, 6 मार्च को आबकारी विभाग द्वारा 501 शराब की दुकानों का आवंटन E-Lottery के माध्यम से किया जाएगा। यह प्रक्रिया जिला कार्यालय में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न होगी।

जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने टेन न्यूज़ नेटवर्क से विशेष बातचीत में बताया कि वर्ष 2025-26 के लिए आबकारी दुकानों का प्रथम चरण आज पूरा होगा। गौतमबुद्ध नगर जिले के लिए ई-लॉटरी प्रक्रिया शाम 4:00 बजे से 5:45 बजे तक निर्धारित की गई है। यह प्रक्रिया NIC (राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र) द्वारा संचालित डेटाबेस के आधार पर होगी और सभी आवेदकों की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की जाएगी।

इस वर्ष आबकारी विभाग को 501 दुकानों के लिए कुल 18,229 आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिले में कुल 501 आबकारी दुकानें हैं, जिनमें 234 देसी शराब की दुकानें, 239 कंपोजिट शॉप्स, 27 मॉडल शॉप्स और 1 भांग की दुकान शामिल है। इन सभी दुकानों का आवंटन ई-लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से होगा।

आवेदकों से आवेदन प्रक्रिया के दौरान प्रोसेसिंग फीस ली गई थी, जो असफल आवेदकों को वापस नहीं की जाएगी। यह जानकारी पहले से ही आवेदन के समय साझा की जा चुकी थी। आबकारी अधिकारी ने बताया कि ई-लॉटरी की प्रक्रिया पूरी तरह से निष्पक्ष और पारदर्शी होगी, जिसमें सभी आवेदकों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी सुनिश्चित की गई है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की भी तैनाती की गई है।

जिला आबकारी अधिकारी ने आगे बताया कि इस प्रक्रिया के लिए एक चयन समिति गठित की गई है, जिसके अध्यक्ष गौतमबुद्ध नगर के जिला अधिकारी मनीष कुमार वर्मा हैं। इसके अलावा, पुलिस विभाग के नामित अधिकारी और जिला आबकारी विभाग के अधिकारी भी इस चयन प्रक्रिया में शामिल होंगे।

आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने उम्मीद जताई कि यह प्रक्रिया पूरी तरह से सफल और निष्पक्ष होगी। अब देखने वाली बात यह होगी कि जिले की 501 दुकानों की किस्मत के ताले आज किसके नाम खुलते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।