ग्रेटर नोएडा में किसानों का आंदोलन, 6 मार्च को आरक्षण की मांग को लेकर पैदल मार्च

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (2 मार्च 2025): ग्रेटर नोएडा में करप्शन फ्री इंडिया संगठन आगामी 6 मार्च को एक बड़े प्रदर्शन की तैयारी कर रहा है। संगठन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को चूहड़पुर खादर और आसपास के गांवों में बैठकें आयोजित कर अपनी रणनीति तय की। इस बैठक की अध्यक्षता धर्मचंद चपराना ने की, जिसमें किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांगों पर चर्चा हुई और पैदल मार्च की योजना को अंतिम रूप दिया गया।

किसानों की प्रमुख मांगें

1. अस्पताल और स्कूलों में रियायत: संगठन का कहना है कि ग्रेटर नोएडा के निजी अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों में स्थानीय किसानों के बच्चों को शिक्षा और इलाज में छूट मिलनी चाहिए। लेकिन प्राधिकरण की लापरवाही और संस्थानों की मनमानी के चलते किसान इस लाभ से वंचित रह रहे हैं।

2. औद्योगिक इकाइयों में रोजगार का अधिकार: कोर कमेटी के सदस्य मास्टर दिनेश नागर ने बताया कि ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय किसानों के बच्चों के लिए 40% आरक्षण का प्रावधान है। बावजूद इसके, योग्य उम्मीदवारों को भी नौकरियां नहीं मिल पा रही हैं। किसानों का कहना है कि आरक्षण नीति को सख्ती से लागू किया जाए।

6 मार्च को प्राधिकरण तक पैदल मार्च

संगठन के जिलाध्यक्ष चौधरी प्रेम प्रधान ने घोषणा की कि 6 मार्च को विप्रो गोल चक्कर से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय तक पैदल मार्च किया जाएगा। इस दौरान किसान शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार में अपने अधिकारों की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराएंगे।इस बैठक में देशपाल भाटी, चौधरी प्रवीण भारतीय और सतवीर भाटी समेत कई अन्य किसान नेता मौजूद रहे।

सरकार और प्रशासन से कार्रवाई की मांग

किसानों का कहना है कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया, तो यह आंदोलन और भी उग्र रूप ले सकता है। वे चाहते हैं कि प्राधिकरण स्थानीय निवासियों को प्राथमिकता देने के नियमों को सख्ती से लागू करे और अस्पतालों व स्कूलों को छूट देने के निर्देश जारी करे। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और प्राधिकरण इस विरोध प्रदर्शन से पहले किसानों की मांगों पर क्या रुख अपनाते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।