तेज रफ्तार का कहर: दनकौर – सिकंदराबाद रोड पर दो कारों की टक्कर, एक गंभीर रूप से घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (7 दिसंबर 2024): शुक्रवार रात दनकौर-सिकंदराबाद रोड पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब दो कारें आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि उसमें सवार चालक और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चौंकाने वाली बात यह रही कि टक्कर के बाद दूसरी कार का चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को गाजियाबाद के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घायलों के परिजनों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर जिले के गुलावठी निवासी नीरज अपने बहनोई अजयपाल और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शुक्रवार रात दिल्ली से अलीगढ़ लौट रहे थे। वे दिल्ली में एक रिश्तेदार की शादी समारोह में शामिल होने के बाद घर की ओर जा रहे थे।

जब उनकी कार दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग पर चीती गांव के पास पहुंची, तभी सामने से तेज गति से आ रही एक अन्य कार ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में नीरज की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार चला रहे उनके बहनोई अजयपाल वाहन के अंदर ही फंस गए। अन्य यात्रियों को भी चोटें आईं, लेकिन अजयपाल की हालत सबसे गंभीर पाई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गाजियाबाद के एक अस्पताल में रेफर किया गया।

दनकौर पुलिस ने बताया कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं और परिजनों की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने यह भी कहा कि आरोपी चालक की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस ने यह भी अपील की है कि सड़क पर यातायात नियमों का पालन करें और तेज गति से वाहन चलाने से बचें। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने के खतरों को उजागर करता है।

घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से दनकौर-सिकंदराबाद मार्ग पर यातायात सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें जान-माल का बड़ा नुकसान होता है। ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिससे प्रशासन और स्थानीय लोगों को चिंता हो रही है।।

टिप्पणियाँ बंद हैं।