नोएडा की विद्वान ज्योतिषाचार्य कृष्णा शर्मा महामंडलेश्वर की उपाधि से अलंकृत

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (28 फरवरी 2025): नोएडा सेक्टर-19 “बी” ब्लॉक की निवासी और कृषतारा दिव्य लौ ट्रस्ट की संस्थापिका ज्योतिषाचार्य कृष्णा शर्मा को उनके आध्यात्मिक योगदान और धर्म सेवा के लिए महामंडलेश्वर की उपाधि से विभूषित किया गया। उन्होंने चित्रगुप्त महिला अखाड़े की प्रमुख और विश्व की पहली महिला जगतगुरु श्री श्री 1008 अनंत विभूषित जगतगुरु दुर्गाचार्य साध्वी कंचन जी महाराज से पटका अभिषेक प्राप्त कर यह सौभाग्य अर्जित किया। इस उपाधि के साथ अब वे श्री श्री 1008 अनंत विभूषित आचार्य महामंडलेश्वर शिवाचार्य साध्वी कृष्णा श्री जी के नाम से जानी जाएंगी।

आध्यात्मिक जीवन की ओर बढ़ाया कदम

ब्राह्मण कुल में जन्मी कृष्णा शर्मा का झुकाव बचपन से ही पूजा, भक्ति और अध्यात्म की ओर था। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री प्राप्त करने के साथ-साथ कानून की पढ़ाई भी की, लेकिन उनका मन अध्यात्म में अधिक रमा। इसी कारण उन्होंने विवाह न कर 2003 में संन्यास जीवन धारण कर लिया और अपने ज्योतिष गुरु से ज्योतिष विद्या का गहन अध्ययन किया। तभी से वे टेलीविजन चैनलों के माध्यम से ज्योतिष कार्यक्रम करती आ रही हैं और लाखों लोगों को ज्योतिषीय मार्गदर्शन दे रही हैं।

धार्मिक व सामाजिक सेवा में अग्रणी भूमिका

वर्ष 2008 में उन्होंने “कृषतारा दिव्य लौ ट्रस्ट” की स्थापना की, जिसके माध्यम से वे धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यों में संलग्न हैं। अपनी ज्योतिषीय आय का दशांश दान वे इस संस्था के माध्यम से समाज सेवा में लगाती हैं। उन्होंने कई गरीब और असहाय परिवारों की मदद की, अनेक गरीब कन्याओं के विवाह कराए और बच्चियों की सुरक्षा व शिक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलाए। वे हमेशा समाज को धर्म और कर्म के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती रही हैं।

महामंडलेश्वर की उपाधि, नोएडा के लिए गर्व का क्षण

ज्योतिषाचार्य कृष्णा शर्मा को कई बार महामंडलेश्वर बनने का प्रस्ताव मिला, लेकिन अब जाकर उन्होंने इसे स्वीकार किया। महा शिवरात्रि के पावन पर्व पर उन्हें विधि-विधानपूर्वक महामंडलेश्वर की उपाधि से विभूषित किया गया। इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी नोएडा के कई गणमान्य व्यक्ति बने।

नोएडा के लोगों के लिए यह गर्व की बात है कि उनके बीच से ही एक साधारण महिला ने सनातन परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया और आज वह महामंडलेश्वर बनकर धर्म और समाज सेवा के लिए समर्पित हैं। चित्रगुप्त महिला अखाड़े द्वारा उन्हें यह सम्मान दिए जाने पर स्थानीय लोगों ने आभार प्रकट किया। अब वे अपने नए नाम के साथ न केवल सनातन परंपरा का प्रचार-प्रसार करेंगी, बल्कि महिलाओं को सशक्त करने में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।