नोएडा मेट्रो की 85 लिफ्ट में लगेंगे CCTV कैमरे, फंसने पर कंट्रोल रूम से मिलेगी तुरंत मदद
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (09/11/2026): नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच चलने वाली एक्वा लाइन मेट्रो में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने अहम कदम उठाया है। अब मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट में फंसने पर यात्रियों को मदद के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। NMRC ने एक्वा लाइन के सभी 21 स्टेशनों की करीब 85 लिफ्ट में CCTV कैमरे लगाने का फैसला किया है। इससे कंट्रोल रूम में बैठकर कर्मचारी लिफ्ट के अंदर की स्थिति पर नजर रख सकेंगे।
योजना के तहत प्रत्येक लिफ्ट में एक CCTV कैमरा लगाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही टेंडर जारी करने की तैयारी है। उम्मीद है कि नए साल से कैमरे लगाने का काम शुरू हो जाएगा। काम शुरू होने के दो से तीन महीने के भीतर सभी लिफ्ट में CCTV कैमरे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
फिलहाल मेट्रो स्टेशनों के अंदर और बाहर CCTV कैमरे लगे हुए हैं, लेकिन लिफ्ट के भीतर निगरानी की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में लिफ्ट खराब होने या यात्रियों के अंदर फंसने की स्थिति में कर्मचारियों तक सूचना पहुंचने में देरी हो सकती है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद कंट्रोल रूम से लिफ्ट के अंदर की स्थिति तुरंत देखी जा सकेगी। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित टीम को तत्काल मौके पर भेजकर यात्रियों की मदद की जा सकेगी।
दरअसल, बीते 6 मई को सेक्टर-76 मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट खराब होने के कारण करीब 10 यात्री लगभग 20 मिनट तक अंदर फंसे रहे थे। इस दौरान एक बुजुर्ग महिला की तबीयत भी बिगड़ गई थी। इस घटना के बाद लिफ्ट के भीतर CCTV कैमरे लगाने की आवश्यकता महसूस की गई।
एक्वा लाइन के 21 स्टेशनों पर प्रत्येक स्टेशन में चार से पांच लिफ्ट संचालित हैं। वहीं, नोएडा में दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मजेंटा लाइन के 13 स्टेशनों की लिफ्ट में भी फिलहाल CCTV कैमरे नहीं लगे हैं। इससे पहले 28 अगस्त को मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त जनक कुमार गर्ग ने ग्रेटर नोएडा डिपो स्टेशन का निरीक्षण करते हुए लिफ्ट में कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद NMRC ने इस दिशा में योजना तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।
इस पहल से मेट्रो यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन सहायता व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।