वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन ने ग्रेटर नोएडा के साकीपुर में कराया राष्ट्र रक्षा यज्ञ, कई लोग हुए शामिल

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (24/11/2026): ग्रेटर नोएडा के साकीपुर गांव में मंगलवार को वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन की ओर से राष्ट्र रक्षा यज्ञ का आयोजन किया गया। विवेकानंद प्रतिभा विकास केंद्र में आयोजित इस कार्यक्रम में 100 से अधिक अभिभावकों, समिति सदस्यों और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करना रहा।

कार्यक्रम का आयोजन केंद्र संरक्षक लेखपाल भाटी के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान केंद्र संचालिका भारती ने संस्कार पक्ष की गतिविधियों का संचालन करते हुए बच्चों और प्रतिभागियों को विभिन्न वैदिक मंत्रों का उच्चारण कराया। कार्यक्रम की शुरुआत ब्रह्मनाद और गायत्री मंत्र के साथ हुई। इसके बाद महामृत्युंजय मंत्र, पुरुषार्थ जागरण मंत्र, त्रिदेव नवग्रह स्तुति मंत्र, भारत वंदन मंत्र और सरस्वती मंत्र का सामूहिक पाठ कराया गया। साथ ही प्रतिभागियों को प्राणायाम और योगासन का अभ्यास भी कराया गया।

इस अवसर पर पूर्वी संभाग प्रमुख भारत जी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सनातनी संस्कारों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपनी सांस्कृतिक जड़ों और धार्मिक आस्थाओं के प्रति दृढ़ रहना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को भारतीय परंपराओं और संस्कारों को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में साकीपुर सहित आसपास के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। प्रतिभागियों ने वनवासी रक्षा परिवार फाउंडेशन की गतिविधियों की सराहना करते हुए संगठन के आगामी कार्यक्रमों को भी सफल बनाने का संकल्प लिया।

राष्ट्र रक्षा यज्ञ में दुली चंद नागर, शिव नरेश पांडे, राजेंद्र सोनी, नरवीर बिष्ट, प्रोफेसर विवेक कुमार, डॉ. नीरज कौशिक और राज कुमार चौरसिया सहित 100 से अधिक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक सहभागिता और राष्ट्र एवं संस्कृति के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।