गौतमबुद्ध नगर में वोटर रजिस्ट्रेशन सुस्त, यूपी में 75 जिलों में 71वें स्थान पर रहा जिला
टेन न्यूज नेटवर्क
Gautam Buddha Nagar News (24/11/2026): गौतमबुद्ध नगर में नए मतदाताओं को वोटर लिस्ट से जोड़ने का अभियान धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR)-2027 के तहत छह दिनों तक चले विशेष अभियान में जिला प्रदेश के 75 जिलों में 71वें स्थान पर रहा। जिले में करीब 9 लाख ऐसे पात्र नागरिक हैं, जिनके नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए हैं। निर्धारित समय में इन सभी लोगों का पंजीकरण कराना निर्वाचन विभाग के सामने बड़ी चुनौती है।
हालांकि, प्रति मतदान केंद्र फॉर्म-6 भरने के मामले में गौतमबुद्ध नगर की स्थिति कुछ बेहतर रही और जिला प्रदेश में 32वें स्थान पर पहुंचा। अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को सेक्टर-27 स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान 17 से 22 नवंबर तक चले विशेष अभियान में प्राप्त फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के आवेदनों की जानकारी ली गई।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद में नए मतदाता बनने की संभावनाएं सबसे अधिक हैं। गाजियाबाद में करीब 9.5 से 10 लाख और गौतमबुद्ध नगर में लगभग 9 लाख पात्र लोग अभी मतदाता सूची से बाहर हैं। इसके बावजूद गौतमबुद्ध नगर में पंजीकरण की गति अपेक्षाकृत कम बनी हुई है। प्रति मतदान केंद्र फॉर्म-6 भरने के मामले में गाजियाबाद प्रदेश में पहले स्थान पर है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने ऑनलाइन प्राप्त होने वाले फॉर्म-6 के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी आवेदन एईआरओ के लॉगिन पर एक दिन से अधिक लंबित नहीं रहना चाहिए। आवेदन प्राप्त होते ही उसी दिन संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को भेजा जाए, ताकि मौके पर सत्यापन कर रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत की जा सके।
अभियान के दौरान 18 और 19 वर्ष के युवाओं तथा पहली बार मतदान करने वाले नागरिकों को विशेष रूप से जोड़ने पर जोर दिया गया। इसके लिए स्कूल-कॉलेजों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब सक्रिय करने और जागरूकता शिविर लगाने के निर्देश दिए गए। वहीं, महिलाओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, एएनएम और सखी समूहों की मदद लेने को कहा गया।
निर्वाचन विभाग को 16 दिसंबर तक अभियान पूरा करना है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को शेष समय में अभियान की गति बढ़ाने और प्रत्येक पात्र नागरिक तक पहुंचने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।