नीली जर्सी के बाद भगवा रंग में युजवेंद्र चहल!, बीजेपी में शुरू की राजनीतिक पारी

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (22 November 2026): भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अब क्रिकेट के मैदान के बाद राजनीति में भी नई पारी शुरू कर दी है। चहल भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं। पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद उन्हें बीजेपी के अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य (स्पेशल इनवाइटी) बनाया गया है। यह जिम्मेदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सौंपी है। क्रिकेट में अपनी फिरकी से बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान करने वाले चहल की राजनीतिक एंट्री को लेकर अब चर्चा तेज हो गई है।

बीजेपी में नई जिम्मेदारी मिलने से पहले युजवेंद्र चहल ने पार्टी के OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी। इसके बाद पार्टी की ओर से जारी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की नियुक्ति सूची में उनका नाम शामिल किया गया। इस सूची पर अमरपाल मौर्य के हस्ताक्षर हैं और चहल का नाम दिल्ली के तहत दर्ज किया गया है। चहल के अलावा ओडिशा के प्रोफेसर अद्वैत चरण गड़नायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इस तरह बीजेपी ने OBC मोर्चा की राष्ट्रीय टीम में नए चेहरों को जगह दी है।

पार्टी में शामिल होने के बाद चहल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार जताया। उन्होंने लिखा, “बीजेपी परिवार में मुझे स्थान और मान-सम्मान देने के लिए आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी, आदरणीय गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी और OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमरपाल मौर्य जी का हार्दिक आभार प्रकट करता हूं।” चहल के इस पोस्ट के बाद उनके राजनीतिक सफर को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, उनकी नई जिम्मेदारी के साथ-साथ क्रिकेट में उनकी सक्रियता भी चर्चा का विषय बनी हुई है।

युजवेंद्र चहल को जिम्मेदारी देने के साथ ही बीजेपी ने संगठन में कई अन्य नियुक्तियां भी की हैं। पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए 37 सदस्य घोषित किए हैं। इसके अलावा सात राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, तीन राष्ट्रीय महामंत्री और सात राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किए गए हैं। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में असम के जोगेन मोहन, ओडिशा की ममता मोहंता, उत्तर प्रदेश के संगम लाल गुप्ता और संगीता बलवंत बिंद के अलावा महाराष्ट्र के बाबनराव रावजी चौधरी, दिल्ली के सत प्रकाश राणा और बिहार के अर्जुन सहनी शामिल हैं। वहीं, दिल्ली के गजेंद्र यादव, कर्नाटक के प्रमोद मधवराज और छत्तीसगढ़ के ललित चंद्राकर को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। सभी नियुक्तियां राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।

क्रिकेट के मोर्चे पर भी चहल का रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने साल 2016 में भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। अब तक वह 72 वनडे मैचों में 121 विकेट और 80 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 96 विकेट हासिल कर चुके हैं। 2017 में इंग्लैंड के खिलाफ बेंगलुरु में खेले गए टी20 मुकाबले में उन्होंने 25 रन देकर छह विकेट लिए थे। वह 2019 वनडे विश्व कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे और आठ मैचों में 12 विकेट हासिल किए। इसके अलावा 2024 में टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम में भी शामिल थे। आईपीएल में वह मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की ओर से खेल चुके हैं। साल 2024 में वह आईपीएल में 200 विकेट लेने वाले पहले गेंदबाज बने थे।

चहल ने हाल ही में टी20 क्रिकेट में 400 विकेट पूरे करने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बनने की उपलब्धि भी हासिल की है। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में हरियाणा की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया। 18 नवंबर को इंदौर में खेले गए मुकाबले में अमित सात्विक को बोल्ड कर उन्होंने अपना 400वां विकेट पूरा किया। इस मैच में उन्होंने कुल तीन विकेट हासिल किए। वहीं, 2 अक्टूबर 2026 को चहल ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया था। अब बीजेपी के OBC मोर्चा में मिली नई जिम्मेदारी के साथ उनके सार्वजनिक जीवन में एक नया अध्याय शुरू हो गया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।