नोएडा प्राधिकरण के गेट पर किसानों का धरना, पांच साल से लंबित मांगों को लेकर प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (18/11/2026): नोएडा में किसानों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मंगलवार को सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) के मुख्य प्रशासनिक भवन के गेट पर धरना दिया। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले हुए इस प्रदर्शन में किसानों ने प्राधिकरण के खिलाफ नाराजगी जताई और मांगों का जल्द समाधान करने की बात कही।

किसानों का कहना है कि वे पिछले पांच साल से अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। इस दौरान कई बार वार्ता हुई और ज्ञापन भी सौंपे गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। किसानों ने स्पष्ट किया कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी मांगों पर अमल चाहिए।

संगठन के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी सुनील प्रधान ने कहा कि नोएडा की स्थापना के समय वर्ष 1976 में किसानों की जमीन अर्जेंसी क्लॉज के तहत कम दरों पर अधिग्रहित की गई थी। आज उसी जमीन की कीमत लाखों रुपये प्रति वर्गमीटर तक पहुंच गई है, लेकिन जमीन देने वाले कई किसानों को अब तक विकसित भूखंड नहीं मिल पाए हैं।

किसानों की प्रमुख मांग है कि वर्ष 1976 से 1997 तक जमीन देने वाले किसानों को भी पांच प्रतिशत विकसित भूखंड का लाभ दिया जाए। इसके अलावा किसानों ने बिल्डरों और आम किसानों के निर्माण कार्यों पर प्राधिकरण की कार्रवाई में भेदभाव किए जाने का आरोप भी लगाया।

वहीं, किसानों के प्रदर्शन के बीच नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) ने जनसुनवाई शुरू कर दी। प्राधिकरण के जनसुनवाई केंद्र पर किसानों की समस्याएं सुनी जा रही हैं। अब देखना होगा कि जनसुनवाई के बाद किसानों की वर्षों से लंबित मांगों पर क्या फैसला लिया जाता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।