‘अपने-अपने राम’ में डॉ. कुमार विश्वास की रामकथा सुन भावुक हुए दर्शक, बोले- साक्षात मिथिला के दर्शन हुए!

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (नवंबर 15, 2026): नोएडा में आयोजित ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम के दूसरे दिन डॉ. कुमार विश्वास ने सीताराम विवाह के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। पुष्पवाटिका में राम-सीता के प्रथम मिलन से लेकर शिवधनुष भंग तक की प्रस्तुति ने हजारों श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

नोएडा में आयोजित ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे दर्शकों ने डॉ. कुमार विश्वास की रामकथा और सीता विवाह के प्रसंगों की जमकर सराहना की। सेक्टर-76 से पहुंचीं कृतिका ने कहा कि डॉ. कुमार विश्वास की प्रस्तुति सुनकर ऐसा लग रहा था, मानो वे खुद मिथिला में मौजूद हों। कथा के दौरान उनकी आंखों से आंसू निकल आए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम इतना शानदार रहा कि वह अगले दिन भी इसे देखने आने का मन बना चुकी हैं।

अनुराधा ने कहा कि आंखें बंद करके कथा सुनने पर ऐसा महसूस हो रहा था, जैसे भगवान राम के दरबार में बैठे हों। वहीं रचना ने कहा कि उन्होंने पहले रामायण फिल्म देखने का प्लान बनाया था, लेकिन कार्यक्रम में आने के बाद उन्हें जो अनुभव मिला, वह बेहद खास रहा। बिहार से जुड़ाव और ससुराल सीतामढ़ी में होने का जिक्र करते हुए उन्होंने मिथिला की परंपराओं और विवाह के प्रसंगों को सुनकर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि कथा के दौरान वे लोगों को मिथिला की भाषा के शब्दों का अर्थ भी समझा रही थीं। खासकर ‘पाहुन’ शब्द का अर्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि मिथिला क्षेत्र में दामाद को पाहुन कहा जाता है।

प्रगति गौतम ने कहा कि अगर दुनिया में कहीं स्वर्ग है तो आज उन्हें उसकी अनुभूति हो गई। उन्होंने कहा कि उनके पास अपनी खुशी जाहिर करने के लिए शब्द नहीं हैं और ऐसा लग रहा था, मानो स्वयं भगवान के दर्शन हो गए हों। वहीं राम चरण गर्ग ने बताया कि वे पिछले दिन भी कार्यक्रम में आए थे और अगले दिन भी आने की इच्छा रखते हैं। उन्होंने कहा कि वे दोपहर 3:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे और दर्शकों की भीड़ हजारों में थी। उन्होंने यह भी बताया कि पीला टोकन होने के बावजूद उन्हें लाल टोकन वाली जगह पर आगे बैठने का अवसर मिला। बबीता ने मेरठ से कार्यक्रम में पहुंचकर कहा कि उन्हें पूरी प्रस्तुति बेहद अच्छी लगी और सभी प्रसंग आनंदमय रहे।

अनिल गौतम ने विवाह संस्कार के महत्व पर डॉ. कुमार विश्वास की प्रस्तुति को खास बताया। उन्होंने कहा कि आजकल लोग शादी के दूसरे इंतजामों में काफी समय देते हैं, लेकिन पाणिग्रहण संस्कार और विवाह के मंत्रों को जल्दबाजी में पूरा कराते हैं। जबकि विवाह में लग्न और परंपरागत संस्कारों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि आज के समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझने के साथ उन्हें महत्व देने की जरूरत है।

वहीं शिखा मित्तल ने मिथिला की विवाह परंपराओं से जुड़े उस अनूठे प्रसंग का जिक्र किया, जिसमें विवाह के दौरान रामचंद्र जी को गालियां दिए जाने की परंपरा का वर्णन किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रसंग उन्होंने पहली बार सुना और डॉ. कुमार विश्वास की कथा का अंदाज इतना जीवंत था कि उन्हें लगा मानो वह खुद मिथिला में मौजूद हों। सरिता ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रस्तुति बेहद शानदार रही और वह अगले दिन अपने पूरे परिवार के साथ कार्यक्रम देखने आएंगी। वहीं रजनी सैनी नारंग ने कहा कि राम बारात और सीता विवाह के प्रसंगों को देखकर ऐसा लगा, जैसे वह स्वयं उस आयोजन का हिस्सा हों। उन्होंने बताया कि भगवान राम के जीवन प्रसंगों से हमें बड़ों का सम्मान करने और संस्कारों का पालन करने की सीख मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान विवाह संस्कारों में बढ़ती जल्दबाजी को लेकर भी दर्शकों ने अपनी बात रखी। दर्शकों का कहना था कि आजकल लोग भव्य और महंगी शादियों पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करते हैं, लेकिन जब विवाह के फेरे और मंत्रों की बात आती है तो उन्हें जल्दबाजी में पूरा कराने की कोशिश करते हैं। जबकि भारतीय संस्कृति में विवाह की पूजा, मंत्रों और पारंपरिक संस्कारों का अपना विशेष महत्व है। दर्शकों ने कहा कि नई पीढ़ी को भी इन परंपराओं का महत्व समझना चाहिए और विवाह के मूल संस्कारों को पूरा समय देना चाहिए।

एक अन्य दर्शक ने कार्यक्रम के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि उन्हें ऐसा लगा, मानो उन्होंने साक्षात मिथिला के दर्शन कर लिए हों। कई दर्शकों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए अगले दिन भी शामिल होने की इच्छा जताई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।