नोएडा की इंटीरियर फैक्टरी में भीषण आग, 8 दमकल गाड़ियों ने साढ़े तीन घंटे में पाया काबू

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (13/11/2026): सूरजपुर थाना क्षेत्र के ईकोटेक-2 औद्योगिक क्षेत्र में बृहस्पतिवार दोपहर एक इंटीरियर फैक्टरी में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग गोपाला इंटीरियर कंपनी की बाहरी बिल्डिंग में लगी और देखते ही देखते इसकी लपटें तेज हो गईं। आसमान में उठते धुएं को देखकर आसपास की फैक्टरियों में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी फैल गई।

आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास की फैक्टरियों को भी एहतियातन खाली करा लिया गया। कर्मचारी तुरंत अपने कार्यस्थलों से बाहर निकल आए। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और कई लोगों ने आग की घटना का वीडियो भी बनाया।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस बल की सहायता से दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

दमकल विभाग के मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे के मुताबिक, आग लगने की सूचना मिलते ही अलग-अलग फायर स्टेशनों से दमकल की गाड़ियां भेजी गई थीं। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान आसपास की फैक्टरियों को खाली कराया गया, जिससे किसी कर्मचारी के आग की चपेट में आने की आशंका को टाला जा सका।

फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। दमकल विभाग की ओर से मामले की जांच की जाएगी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।