सखी मिलन के 10 साल पूरे होने पर रामायण फिल्म का खास प्रीव्यू, ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा सिनेमाघर
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (12/11/2026): महिलाओं के सामाजिक एवं सांस्कृतिक समूह ‘सखी मिलन’ ने अपने दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रामायण फिल्म का विशेष प्रीव्यू आयोजित किया। इस खास अवसर पर करीब 130 महिलाओं ने एक साथ सिनेमाघर में फिल्म देखी। फिल्म की भव्य प्रस्तुति और धार्मिक भावनाओं से सराबोर माहौल के बीच पूरा सिनेमाघर ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से गूंज उठा।
फैशन, साहित्य, संगीत, संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़े विभिन्न आयोजनों में सक्रिय सखी मिलन की सदस्यों ने फिल्म का भरपूर आनंद लिया। फिल्म समाप्त होने के बाद महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए और कलाकारों के अभिनय, शानदार वीएफएक्स, भव्य सेट्स और सिनेमैटिक प्रस्तुति की जमकर सराहना की। खास बात यह रही कि फिल्म के अंत में सभी महिलाओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
सखी मिलन की सदस्य सुपर्णा सूद ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में कहा, फिल्म बेहद शानदार है। यह लार्जर दैन लाइफ और हॉलीवुड की मैग्नम ओपस जैसी भव्य फिल्म है। फिल्म के अंत में सभी सखियों ने मिलकर जोर-जोर से हनुमान चालीसा गाई। अब हमें 2027 में रिलीज होने वाले अगले भाग का बेसब्री से इंतजार है।
सीमा ने ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के साथ अपनी खुशी जाहिर की। वहीं, बबीता रुसिया ने कहा, मुझे फिल्म बहुत अच्छी लगी। सखी मिलन ने हम सभी को एक साथ यह फिल्म देखने का अवसर दिया, इसके लिए मैं उनका दिल से धन्यवाद करती हूं। जय श्रीराम।

सोनू राठौड़ ने रणबीर कपूर के अभिनय की तारीफ करते हुए कहा, राम के स्वरूप में रणबीर कपूर बेहद अच्छे लगे। फिल्म में वीएफएक्स और भव्य दृश्यों का जिस तरह इस्तेमाल किया गया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। मैं नमित मल्होत्रा को सैल्यूट करना चाहूंगी। हम रामायण के अगले दोनों भागों को देखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
अंशु ने कहा, हम सनी देओल को देखने के लिए अगले भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सभी लोगों को यह फिल्म जरूर देखनी चाहिए। जय सियाराम।
सुषमा ने फिल्म की सराहना करते हुए कहा, फिल्म बेहद अच्छी है। इसके सेट्स शानदार हैं और सभी कलाकारों ने बेहतरीन अभिनय किया है। हर किसी को अपनी रामायण जरूर देखनी चाहिए।
संगीता वोरा ने सखी मिलन का आभार व्यक्त करते हुए कहा, मैं सखी मिलन को बहुत-बहुत धन्यवाद देना चाहती हूं कि उन्होंने हम सभी को एक साथ यह फिल्म दिखाई। अब हम रामायण के दूसरे भाग को देखने के लिए बेहद उत्सुक हैं, खासकर हनुमान जी के किरदार में सनी देओल को देखने के लिए। जय सियाराम।
वहीं, प्रिया ने कहा, फिल्म को लेकर काफी चर्चाएं और विवाद सुने थे, लेकिन मुझे यह बेहद पसंद आई। अब दूसरे भाग का इंतजार करना मुश्किल हो रहा है। जय श्रीराम, जय हनुमान।
अनीता कपूर ने रणबीर कपूर के अभिनय की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा, मैंने सुना था कि रणबीर कपूर राम के किरदार में अच्छे नहीं लगेंगे, लेकिन मुझे तो वे सबसे बेहतरीन लगे। उन्होंने भगवान राम की भूमिका को बहुत खूबसूरती से निभाया है। वहीं, रावण के किरदार में भी शानदार अभिनय देखने को मिला।
दिव्या मेहता ने कहा, भगवान राम के किरदार ने तो दिल जीता ही, लेकिन रावण की भूमिका ने भी मुझे बेहद प्रभावित किया। इस शानदार आयोजन के लिए सखी मिलन और टेन न्यूज नेटवर्क का भी बहुत-बहुत धन्यवाद।
कार्यक्रम में मौजूद डॉक्टर कल्पना भूषण ने कहा, सखी मिलन के दस वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हम सभी ने एक साथ रामायण फिल्म देखी। फिल्म बेहद शानदार थी और यहां मौजूद महिलाओं का जोश एवं उत्साह देखने लायक था। इस खास आयोजन को कवर करने के लिए टेन न्यूज नेटवर्क का बहुत-बहुत धन्यवाद।
सखी मिलन के दस साल पूरे होने का यह आयोजन महिलाओं के लिए मनोरंजन के साथ-साथ आस्था, संस्कृति और आपसी जुड़ाव का भी खास अवसर बन गया। फिल्म के प्रति उत्साह और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष ने इस विशेष प्रीव्यू को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम की संस्थापक सदस्य सुपर्णा सूद , नीलू कुलश्रेष्ठ एवं ईशा बंसल ने फिल्म देखने के बाद पूरे उत्साह और भक्तिमय वातावरण में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का सस्वर एवं जोशपूर्ण पाठ किया।
इस अवसर पर उन्होंने सखी मिलन के सभी सदस्यों का हृदय से आभार व्यक्त किया और इस आयोजन में उनकी उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की। साथ ही, सनातन संस्कृति एवं मूल्यों के संवर्धन और संरक्षण के लिए ऐसी प्रेरणादायक एवं आध्यात्मिक फिल्मों के निर्माण को प्रोत्साहित करने का आह्वान भी किया।
पूरा माहौल भक्ति, उत्साह और सनातन संस्कृति के प्रति समर्पण से ओतप्रोत रहा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।