नोएडा में पहली बार ‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम, डॉ. कुमार विश्वास को सुनने के लिए 12 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (12/11/2026): नोएडा और एनसीआर के लोगों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और उनके चरित्र से साहित्यिक एवं आध्यात्मिक अंदाज में जुड़ने का खास अवसर मिलने जा रहा है। प्रख्यात कवि एवं ओजस्वी वक्ता डॉ. कुमार विश्वास का लोकप्रिय कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ पहली बार नोएडा में आयोजित होने जा रहा है। 13, 14 और 15 नवंबर 2026 को सेक्टर-38 स्थित वर्ल्ड्स ऑफ वंडर (WOW) में तीन दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की जिम्मेदारी समाजसेवी एवं शिक्षाविद् मुकेश शर्मा ने संभाली है।

कार्यक्रम के आयोजक मुकेश शर्मा ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में बताया कि नोएडा में पहली बार डॉ. कुमार विश्वास की इस विशेष प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. कुमार विश्वास भगवान श्रीराम के जीवन प्रसंगों को कविता, साहित्य और अपने प्रभावशाली वक्तव्य के माध्यम से जिस तरह प्रस्तुत करते हैं, वह श्रोताओं को गहराई से जोड़ता है। नोएडा के लोगों को लंबे समय से उन्हें लाइव सुनने का अवसर नहीं मिला था। इसी को ध्यान में रखते हुए इस कार्यक्रम की योजना बनाई गई है।

7 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था, 12 हजार से अधिक रजिस्ट्रेशन

आयोजक के मुताबिक, कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, लेकिन सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। आयोजन स्थल पर फिलहाल करीब 7,000 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है, जबकि अब तक 12,000 से अधिक लोग रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी लोग एक ही दिन कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। इसके बावजूद दर्शकों की संख्या को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर बैठने की व्यवस्था का विस्तार किया जाएगा। आयोजक ने लोगों से अपील की है कि वे कार्यक्रम स्थल पर समय से पहुंचें, ताकि उन्हें आसानी से सीट मिल सके। उनका कहना है कि ‘अपने-अपने राम’ एक ऐसी प्रस्तुति है, जिसमें दर्शक शुरुआत से लेकर समापन तक भावनात्मक और साहित्यिक रूप से जुड़े रहते हैं।

सुरक्षा के लिए 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 80 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

तीन दिवसीय आयोजन में सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजक ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर 40 पुरुष सुरक्षा गार्ड, 20 महिला सुरक्षा गार्ड, 4 सुरक्षा सुपरवाइजर और 16 बाउंसर तैनात रहेंगे। इसके अलावा 80 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के जरिए पूरे परिसर की निगरानी की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था की लाइव मॉनिटरिंग भी की जाएगी।

किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए आयोजन स्थल पर एंबुलेंस और डॉक्टर की व्यवस्था रहेगी। वहीं, अग्नि सुरक्षा के मद्देनजर फायर एक्सटिंग्विशर के साथ दो फायर मार्शल भी तैनात किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि उनकी प्राथमिकता कार्यक्रम में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है, ताकि लोग बिना किसी चिंता के डॉ. कुमार विश्वास की प्रस्तुति का आनंद ले सकें।

सोशल मीडिया के जरिए करा सकते हैं रजिस्ट्रेशन

‘अपने-अपने राम’ कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक लोग आयोजक डॉ. मुकेश विश्वास के इंस्टाग्राम हैंडल @mukesh_prometheus और फेसबुक पेज के माध्यम से रजिस्ट्रेशन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सोशल मीडिया पर जारी कार्यक्रम के पोस्टर और क्रिएटिव में संपर्क नंबर भी उपलब्ध कराया गया है।

तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन नोएडा में साहित्य, आध्यात्मिकता और भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों से जुड़ी एक विशेष प्रस्तुति के रूप में आयोजित किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।