10% विकसित प्लॉट समेत किसानों के मुद्दों पर 13 नवंबर को लखनऊ में होगी वार्ता
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (12/11/2026): गौतमबुद्ध नगर के किसानों के लंबित मुद्दों को लेकर किसान संघर्ष मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल 13 नवंबर को लखनऊ में औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं आईआईडीसी आलोक कुमार सिंह से मुलाकात करेगा। शाम 5:30 बजे प्रस्तावित इस वार्ता में 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट, एसआईटी, नए भूमि अधिग्रहण कानून का लाभ और आबादी के लंबित प्रकरणों सहित किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाएंगे। यह वार्ता 28 अक्टूबर को प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ हुई बातचीत के दौरान तय हुई थी।
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरुण प्रधान ने कहा कि किसानों के अधिकारों को लेकर लंबे समय से संघर्ष चल रहा है। इसके लिए 17 जुलाई, 17 अगस्त और सितंबर में लगातार आंदोलन किए गए। इस दौरान किसानों की गिरफ्तारियां भी हुईं और पुलिस के साथ टकराव की स्थिति बनी। उन्होंने कहा कि 21 अक्टूबर को भी किसानों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। लगातार आंदोलन के बाद 28 अक्टूबर को लखनऊ स्तर पर वार्ता का रास्ता खुला। अब 13 नवंबर की बैठक में 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।
भारतीय किसान परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर खलीफा ने कहा कि 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट को लेकर किसानों का संघर्ष लगातार जारी है। जब तक किसानों को उनका अधिकार नहीं मिल जाता और इस मामले का पूरी तरह समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसान संघर्ष मोर्चा 10 प्रतिशत विकसित प्लॉट के मुद्दे पर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसानों के हक के लिए आंदोलन और अधिकारियों के साथ बातचीत का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर के जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों के मुद्दों को सरकार और शासन के सामने मजबूती से नहीं उठाया गया। जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के कारण किसानों को अपने अधिकारों के लिए बार-बार आंदोलन, गिरफ्तारी और जेल जाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
किसान संघर्ष मोर्चा ने उम्मीद जताई है कि 13 नवंबर को होने वाली वार्ता में किसानों के वर्षों पुराने लंबित मामलों का ठोस समाधान निकलेगा। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा। जब तक किसानों को उनके अधिकारों का वास्तविक लाभ नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।