ग्रेटर नोएडा (24 फरवरी 2025): सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के साकीपुर गांव में स्थित आशीर्वाद मैरिज होम में रविवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई। इस दौरान गोली लगने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
खाने के दौरान अचानक चली गोलियां
रविवार रात को साकीपुर गांव के आशीर्वाद मैरिज होम में बिसरख गांव से बारात आई थी। चढ़त और अन्य रस्मों के बाद जब मेहमान प्रीतिभोज में व्यस्त थे, तभी किसी ने अचानक हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। देखते ही देखते दो गोलियां चलीं, जिनमें वहां काम कर रहे दो लोगों को गोली लग गई।
घायलों की पहचान
घटना में घायल हुए लोगों की पहचान मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के दिमनी गांव निवासी 35 वर्षीय संतोष और फिरोजाबाद के मानिकपुर गांव के 23 वर्षीय ईश्वर दयाल के रूप में हुई है। संतोष हलवाई का काम कर रहा था, जबकि ईश्वर दयाल वेटर था। संतोष के गले और ईश्वर दयाल के कंधे में गोली लगी।
घटना के बाद अफरातफरी, बाराती हुए फरार
फायरिंग होते ही समारोह स्थल पर हड़कंप मच गया। लोग घबराकर इधर-उधर भागने लगे। अफरा-तफरी के माहौल में कई मेहमान समारोह स्थल से बाहर निकल गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगने के बाद घायलों को खून से लथपथ देखकर मेहमानों में दहशत फैल गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक ज्यादातर बाराती वहां से फरार हो चुके थे।
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। एडीसीपी हृदेश कठेरिया ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई। पुलिस मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी का पता लगाया जा सके।
हर्ष फायरिंग के बढ़ते मामले चिंता का विषय
शादी समारोहों में हर्ष फायरिंग की घटनाएं लगातार हो बढ़ रही हैं, जिससे कई बार गंभीर हादसे हो जाते हैं। प्रशासन की ओर से इस पर सख्ती से रोक लगाने की जरूरत है ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।