बोरे में महिला की लाश, 24 घंटे में पुलिस ने आरोपी को दबोचा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नई दिल्ली (24 फरवरी 2025): राजधानी दिल्ली के अशोक विहार इलाके में एक महिला की हत्या का रहस्य महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया गया। पुलिस ने इस मामले में वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के सीएसए कॉलोनी निवासी 50 वर्षीय केशव प्रसाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने महिला से शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की थी, लेकिन जब महिला ने इसका विरोध किया, तो उसने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

22 फरवरी को अशोक विहार पुलिस को सूचना मिली कि आरा मशीन चौक मस्जिद के सामने स्थित एक सार्वजनिक शौचालय के पास एक बोरे में महिला की लाश पड़ी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि मृतका की उम्र लगभग 25-30 वर्ष थी। शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने उसके शरीर पर बने छह टैटू को डिकोड किया, जिससे पता चला कि मृतका का नाम नंदनी उर्फ कल्लो था और वह गुड़ मंडी, मॉडल टाउन की निवासी थी। हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया, लाल बाग और आजादपुर इलाकों की निगरानी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति कैमरे में कैद हुआ। लोकल इंटेलिजेंस, टेक्निकल सर्विलांस और संदिग्ध के मोबाइल नंबर की ट्रैकिंग से आरोपी की पहचान केशव प्रसाद के रूप में हुई।

आरोपी ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। उसे तब गिरफ्तार किया गया जब वह दिल्ली छोड़ने की फिराक में था। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल किया और बताया कि वह आजादपुर फल मंडी में मजदूरी करता है। 21 फरवरी की रात वह काम खत्म कर घर लौट रहा था, तभी उसकी मुलाकात नंदनी से हुई। केशव प्रसाद ने बताया कि वह महिला के साथ झुग्गी में गया, जहां दोनों ने साथ में खाना खाया। इस दौरान उसने महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने मना कर दिया और 10,000 रुपये की मांग की। इसी को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपी ने महिला का गला घोंट दिया। शव को ठिकाने लगाने के लिए उसने उसे जूट के बोरे में भरकर सार्वजनिक शौचालय के पास फेंक दिया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।