धूमधाम और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ 23वां कलम-दवात एवं श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव
टेन न्यूज नेटवर्क
Ghaziabad News (12/11/2026): गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित शिप्रा कायस्थ महासभा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय 23वां कलम-दवात एवं श्री चित्रगुप्त पूजा महोत्सव धूमधाम और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। 10 से 12 नवंबर तक चले इस महोत्सव में पूजा-अर्चना, बच्चों की विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य समारोह में 150 से अधिक कायस्थ परिवारों ने सामूहिक रूप से कलम-दवात पूजन कर भगवान श्री चित्रगुप्त की आराधना की। गुरुवार को प्रतिमा विसर्जन के साथ महोत्सव का समापन हुआ।
महोत्सव की शुरुआत 10 नवंबर को बच्चों की खेलकूद और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के साथ हुई। इस दौरान ड्राइंग, डिबेट, क्विज, कविता, क्रिएटिव राइटिंग और स्पीकिंग जैसी प्रतियोगिताओं में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। वहीं, 11 नवंबर को शिप्रा रिवेरा, इंदिरापुरम में मुख्य पूजा समारोह आयोजित किया गया। पूजा-अर्चना और आरती के बाद प्रसाद वितरण एवं सामूहिक भोग का आयोजन हुआ, जिसमें विभिन्न समाजों के लोगों ने भी सहभागिता की।
मुख्य समारोह के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों और बड़ों ने नृत्य, गायन और नाट्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बाहरी कलाकारों की संगीत प्रस्तुतियों ने भी कार्यक्रम में चार चांद लगाए। इस आयोजन में गाजियाबाद के अलावा दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेरठ और मोदीनगर सहित कई क्षेत्रों से कायस्थ समाज के लोगों ने हिस्सा लिया।
महासभा के संयोजक अनुरंजन श्रीवास्तव ने बताया कि शिप्रा कायस्थ महासभा पिछले 23 वर्षों से इस पारंपरिक और सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन करती आ रही है। इसका उद्देश्य समाज में एकता, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के साथ नई पीढ़ी में संस्कारों को प्रोत्साहित करना है।
गुरुवार, 12 नवंबर को भगवान श्री चित्रगुप्त की प्रतिमा को ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ सोसाइटी परिसर में शोभायात्रा के रूप में भ्रमण कराया गया। इसके बाद सभी सदस्यों की उपस्थिति में श्रद्धा और विधि-विधान के साथ हिंडन नदी में प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस तरह तीन दिवसीय महोत्सव का समापन हुआ।
इस आयोजन को सफल बनाने में अनुरंजन श्रीवास्तव, डॉ. विवेक कुमार, विवेक वर्मा, धीरज सहाय, विजय श्रीवास्तव, प्रकाश कर्ण, प्रमोद श्रीवास्तव, कमलेश कर्ण, पुनीत सक्सेना, विवेक श्रीवास्तव, राजीव श्रीवास्तव, सुमित कुमार, ऋतु सक्सेना, नम्रता वर्मा, आकांक्षा सिन्हा, निम्मी कर्ण, शैलजा श्रीवास्तव, दीपा श्रीवास्तव और दीप्ति श्रीवास्तव सहित महासभा के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।