‘आज केजरीवाल को नींद नहीं आएगी’: मुनक नहर छठ घाट के उद्घाटन पर बोले प्रवेश वर्मा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (12 November 2026): दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण (IFC) और लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री प्रवेश वर्मा ने मुनक नहर छठ घाट के उद्घाटन कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुनक नहर पर तैयार किया गया यह घाट केवल छठ पूजा के आयोजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे साल धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। कार्यक्रम में उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा और कला एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा का स्वागत किया। पूर्वांचल समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने भोजपुरी अंदाज में कहा, “का हाल बा, ठीक बा? रउवा सभे के हमार प्रणाम।” उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका पुराना जुड़ाव है और उनका जन्म एवं बचपन भी इसी इलाके में बीता है।

प्रवेश वर्मा ने मुनक नहर छठ घाट के निर्माण का श्रेय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन और दिल्ली सरकार की कार्यशैली को दिया। उन्होंने बताया कि इसी साल जनवरी में इस परियोजना का शिलान्यास किया गया था और मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया था कि आगामी छठ पूजा से पहले इसका निर्माण पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि IFC, दिल्ली जल बोर्ड और PWD के अधिकारियों, इंजीनियरों और कर्मचारियों ने दिन-रात मेहनत करके इस चुनौतीपूर्ण काम को निर्धारित समय में पूरा किया है। उन्होंने सभी विभागों की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह काम आसान नहीं था, लेकिन सरकार के स्पष्ट निर्देश और अधिकारियों की मेहनत से नामुमकिन काम को मुमकिन कर दिखाया गया। उन्होंने अपने पिता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के कार्यों का भी जिक्र किया और कहा कि जिस क्षेत्र में उनके पिता ने विकास की नींव रखी थी, वहां मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता उन कार्यों को आगे बढ़ा रही हैं।

मंत्री ने कहा कि मुनक नहर का यह घाट केवल छठ पूजा के लिए नहीं बनाया गया है, बल्कि आने वाले समय में यहां दुर्गा पूजा, गणेश पूजा सहित कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शालीमार बाग, रामपुरा, त्रिनगर, अशोक विहार, आजादपुर, रोहिणी और पीतमपुरा सहित आसपास के कई विधानसभा क्षेत्रों के लाखों लोगों को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यहां लोग मॉर्निंग वॉक और इवनिंग वॉक के लिए भी आ सकेंगे। घाट पर फव्वारे, सीढ़ियां, पार्क और हरियाली जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। प्रवेश वर्मा ने राजनीतिक तंज कसते हुए कहा, “आज रात को केजरीवाल को नींद नहीं आएगी, आम आदमी पार्टी को नींद नहीं आएगी कि यह क्या चमत्कार हो गया है।” उन्होंने इस परियोजना को आसपास की 8 से 10 विधानसभा क्षेत्रों के विकास और जनसुविधाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया।

पूर्वांचल समाज की राजनीतिक और सामाजिक भूमिका पर बोलते हुए प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली का विकास पूर्वांचल के लोगों के योगदान के बिना संभव नहीं है। उन्होंने अपने पिता की वर्ष 2001 की एक बात याद करते हुए कहा कि उस समय उन्होंने कहा था कि यदि पूर्वांचल के सभी लोग एकजुट हो जाएं तो उनकी राजनीतिक ताकत इतनी बड़ी हो सकती है कि 50 साल तक उनका मुख्यमंत्री कोई नहीं हटा सकता। उन्होंने कहा कि आज बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के आरा, छपरा, दरभंगा, बलिया और गोरखपुर सहित अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोग दिल्ली के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले छठ पर्व के दौरान महिलाओं को पूजा के लिए अच्छे घाट और साफ पानी की तलाश करनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखने वाली माताओं और बहनों के सम्मान तथा उनकी धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए यह घाट तैयार किया गया है। उन्होंने श्रद्धालुओं से साफ पानी में उतरकर पूजा करने और इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

अपने संबोधन में प्रवेश वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और दिल्ली में बीजेपी की सरकार को भी विकास कार्यों का आधार बताया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और दिल्ली में एक ही पार्टी की सरकार होती है और डबल इंजन की रफ्तार से काम होता है, तो विकास की परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने छठ पूजा के अवसर पर माताओं और बहनों को शुभकामनाएं देते हुए छठी मैया, सूर्य भगवान, मां यमुना और मां गंगा से सभी के परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने प्रार्थना की कि छठी मैया बच्चों को आगे बढ़ाएं और वे देश का नाम रोशन करें। इसके बाद उन्होंने ‘छठी मैया की जय’, ‘यमुना मैया की जय’ और ‘गंगा मैया की जय’ के जयकारे भी लगवाए। उन्होंने कहा कि यह घाट पूर्वांचल की संस्कृति, परंपरा और आस्था को सम्मान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान प्रवेश वर्मा ने यमुना की सफाई और राजनीतिक विवाद को लेकर आम आदमी पार्टी पर गंभीर आरोप भी लगाए। उन्होंने अरविंद केजरीवाल और विपक्षी नेताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि छठ पूजा से पहले कुछ लोग मछली बाजार से मरी हुई मछलियां लाकर यमुना के पानी में डाल रहे हैं और इसके वीडियो बनाकर नदी की स्थिति को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने इसे गंदी राजनीति करार देते हुए कहा कि सरकार ने यमुना में फेरी सेवा और पर्यटन गतिविधियां शुरू की हैं तथा नदी की सफाई का काम आगे बढ़ रहा है। उन्होंने यमुना रिवरफ्रंट विकसित करने की योजना का भी जिक्र किया। प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष जानबूझकर यमुना को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।