ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में 10 संस्थागत भूखंडों की होगी ई-नीलामी

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (11/11/2026): ग्रेटर नोएडा में स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बढ़ावा देने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) 10 संस्थागत भूखंडों की ई-नीलामी करने जा रहा है। इन भूखंडों पर अस्पताल, नर्सिंग होम और हायर सेकेंडरी स्कूल खोले जा सकेंगे। योजना के तहत अलग-अलग सेक्टरों में जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। प्राधिकरण को इन भूखंडों के आवंटन से 200 करोड़ रुपये से अधिक की आय होने का अनुमान है।

इस योजना में पांच भूखंड नर्सिंग होम, चार हायर सेकेंडरी स्कूल और एक अस्पताल के लिए निर्धारित किए गए हैं। नर्सिंग होम के लिए चाई-3 सेक्टर में चार और चाई-4 सेक्टर में एक भूखंड उपलब्ध होगा। वहीं, स्कूल के लिए नॉलेज पार्क-5 में तीन और एक्सयू-2 सेक्टर में एक भूखंड रखा गया है। अस्पताल के लिए ओमिक्रॉन-1 सेक्टर में जमीन निर्धारित की गई है।

नर्सिंग होम के लिए 677 से 3,537 वर्गमीटर तक के भूखंड उपलब्ध होंगे। चाई-3 में सबसे बड़े 3,537 वर्गमीटर के भूखंड की आरक्षित कीमत 16.02 करोड़ रुपये रखी गई है। वहीं, चाई-4 में 677 वर्गमीटर के भूखंड की कीमत 2.99 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। स्कूलों के लिए नॉलेज पार्क-5 में तीन भूखंडों की कीमत 18.58 करोड़ से 66.39 करोड़ रुपये तक रखी गई है। एक्सयू-2 में स्कूल के लिए 5,628 वर्गमीटर के भूखंड की आरक्षित कीमत 16.20 करोड़ रुपये होगी।

इसके अलावा ओमिक्रॉन-1 सेक्टर में अस्पताल निर्माण के लिए 12,000 वर्गमीटर का भूखंड उपलब्ध कराया जाएगा। इसकी आरक्षित कीमत 32.56 करोड़ रुपये तय की गई है। इन भूखंडों की ई-नीलामी से शहर में स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलने की उम्मीद है।

योजना के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 12 नवंबर 2026 को दोपहर 3 बजे से शुरू होगी। इच्छुक आवेदक 2 दिसंबर को शाम 5 बजे तक पंजीकरण करा सकेंगे। ईएमडी जमा करने की अंतिम तारीख 4 दिसंबर और जरूरी दस्तावेज जमा करने की अंतिम तारीख 7 दिसंबर निर्धारित की गई है। ई-नीलामी की तारीख प्राधिकरण बाद में घोषित करेगा। योजना का विस्तृत ब्रोशर 12 नवंबर को प्राधिकरण की वेबसाइट पर उपलब्ध होगा। आवेदक GNIDA के ई-टेंडर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।