दिलजीत दोसांझ के शो में जाने के लिए छात्राओं को दिया लालच, DU का छात्र निलंबित

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (11 November 2026): दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज में छात्राओं को मशहूर पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के शो में ले जाने का लालच देने का मामला सामने आया है। इस मामले में कॉलेज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बीए ऑनर्स हिंदी के पांचवें सेमेस्टर के छात्र अनस खान को 1 फरवरी 2027 तक निलंबित कर दिया है। आरोप है कि छात्र ने अहमदाबाद में आयोजित दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम में छात्राओं को ले जाने के नाम पर उन्हें आर्थिक लाभ, महंगे उपहार और दूसरी सुविधाओं का प्रलोभन दिया था। छात्राओं की शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच के लिए प्रॉक्टोरियल कमेटी को सौंप दिया। कमेटी ने शिकायतों, छात्र के स्पष्टीकरण और शुरुआती जांच रिपोर्ट की समीक्षा करने के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की थी।

कॉलेज प्रशासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अनस खान को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन की अवधि के दौरान वह कॉलेज की किसी भी नियमित शैक्षणिक या गैर-शैक्षणिक गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकेगा। हालांकि, अंतिम वर्ष का छात्र होने के कारण उसे विश्वविद्यालय की निर्धारित परीक्षाओं में बैठने की अनुमति दी गई है। लेकिन आंतरिक मूल्यांकन और असाइनमेंट जमा करने के लिए बिना अनुमति कॉलेज परिसर में आने की छूट नहीं होगी। इसके लिए उसे पहले फोन पर कॉलेज के प्रॉक्टर से अनुमति लेनी होगी। इसके अलावा छात्र को कॉलेज प्रशासन के सामने एक लिखित हलफनामा भी देना होगा, जिसमें उसे अपने आचरण की जिम्मेदारी स्वीकार करने और भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा नहीं करने का आश्वासन देना होगा।

इस मामले में कॉलेज की कार्रवाई से पहले छात्र संगठन NSUI भी अनस खान को निलंबित कर चुका था। संगठन की ओर से जारी नोटिस में छात्र पर छात्र संघ चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाया गया था। NSUI की इकाई अध्यक्ष ध्रुवाक्षी सरमा की ओर से जारी आदेश के अनुसार, अनस खान को संगठन की सभी गतिविधियों से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया था। वहीं, इस मामले को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA से जांच कराने की मांग की है। ABVP का आरोप है कि NRI स्पॉन्सर्ड इवेंट के नाम पर छात्राओं से संपर्क किया जा रहा था और उन्हें पैसे तथा दूसरी सुविधाओं का लालच देकर कार्यक्रम में ले जाने की कोशिश की जा रही थी।

ABVP के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने इस मामले में कांग्रेस और NSUI पर महिला सुरक्षा को लेकर दोहरे रवैये का आरोप लगाया है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले में कथित NRI संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की गहन जांच होनी चाहिए और यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल कॉलेज प्रशासन की ओर से छात्र को निलंबित करने की कार्रवाई की जा चुकी है, जबकि NIA जांच की मांग को लेकर मामला राजनीतिक और छात्र संगठनों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, छात्र पर लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।