New Delhi News (09 November 2026): दिवाली के दौरान दिल्ली में प्रदूषण ने पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, लेकिन अब राजधानी की हवा की निगरानी करने वाले सिस्टम के आंकड़ों पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं। सामने आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली के 59 एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 45 स्टेशनों पर कम से कम एक प्रदूषक की प्रति घंटे की रीडिंग गायब मिली। हैरानी की बात यह है कि केवल 14 स्टेशन ही ऐसे थे, जहां सभी प्रदूषकों का पूरा डेटा दर्ज किया गया। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि दिवाली की रात दिल्ली की हवा वास्तव में कितनी जहरीली थी और क्या अधूरे आंकड़ों की वजह से प्रदूषण का वास्तविक स्तर सामने नहीं आ पाया?
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, मॉनिटरिंग स्टेशनों में सबसे ज्यादा डेटा गायब होने का मामला लोदी रोड स्थित IITM स्टेशन पर सामने आया। यहां आठ प्रदूषकों की निगरानी के लिए कुल 192 प्रति घंटे की रीडिंग उपलब्ध होनी चाहिए थीं, लेकिन इनमें से 96 रीडिंग गायब थीं। इसके अलावा आईआईटी दिल्ली में 63, बुराड़ी क्रॉसिंग में 62, नॉर्थ कैंपस में 55, पूसा में 52 और सीआरआरआई मथुरा रोड स्टेशन पर 51 रीडिंग उपलब्ध नहीं मिलीं। इससे प्रदूषण की निगरानी और आंकड़ों की विश्वसनीयता को लेकर चिंता बढ़ गई है।
प्रदूषकों के हिसाब से देखें तो सल्फर डाइऑक्साइड (SO2) की सबसे ज्यादा 253 प्रति घंटे की रीडिंग गायब मिलीं। वहीं, अमोनिया (NH3) की 221, PM10 की 116 और PM2.5 की 55 रीडिंग उपलब्ध नहीं थीं। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के प्रमुख प्रदूषण विश्लेषक मनोज कुमार ने इस स्थिति पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि कई जगहों पर रीडिंग उस समय गायब हुईं, जब प्रदूषण का स्तर मॉनिटरिंग उपकरणों की अधिकतम माप सीमा 1,000 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर के करीब पहुंच रहा था। उनके मुताबिक, ऐसे आंकड़ों को सामान्य तरीके से हटाकर औसत निकालने पर प्रदूषण का वास्तविक स्तर कम दिखाई दे सकता है।
पर्यावरण विशेषज्ञ सुनील दहिया के मुताबिक, केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आधिकारिक आंकड़ों में दिवाली की रात एक बजे दिल्ली में PM2.5 का औसत स्तर 592 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था, जो 24 घंटे के निर्धारित मानक से करीब 10 गुना अधिक था। हालांकि, उनका अनुमान है कि लगातार आंकड़े दर्ज करने वाले स्टेशनों के आधार पर प्रदूषण का वास्तविक उच्चतम स्तर करीब 800 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर तक पहुंचा होगा। उन्होंने यह भी बताया कि दिवाली की रात हवा की रफ्तार कम रहने, मिक्सिंग लेयर की ऊंचाई 55 से 80 मीटर तक रहने और नमी 80 प्रतिशत से अधिक होने के कारण पटाखों का धुआं वातावरण में जमा रहा।
दिवाली के दौरान सामने आए इन आंकड़ों ने दिल्ली में प्रदूषण की वास्तविक स्थिति को लेकर नई बहस छेड़ दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब प्रदूषण का स्तर बेहद खतरनाक हो, तब मॉनिटरिंग स्टेशनों से मिलने वाला सटीक और लगातार डेटा बेहद जरूरी हो जाता है। खासकर PM2.5, PM10 और सल्फर डाइऑक्साइड जैसे प्रदूषकों की निगरानी में किसी भी तरह की कमी से प्रदूषण के सही आकलन पर असर पड़ सकता है। ऐसे में सवाल है कि जिन 45 स्टेशनों का डेटा अधूरा रहा, उसकी वजह क्या थी और क्या इन आंकड़ों की दोबारा समीक्षा की जाएगी? फिलहाल दिल्ली की जहरीली हवा के वास्तविक स्तर को लेकर विशेषज्ञों की चिंता बरकरार है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।