New Delhi News (09 November 2026): दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा ने पंजाब में दिवाली के दिन पराली जलाने की घटनाओं में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि 5 से 7 नवंबर तक पंजाब में पराली जलाने की 100 से 125 घटनाएं दर्ज हुईं, जबकि 8 नवंबर की शाम यह संख्या अचानक बढ़कर करीब 1200 पहुंच गई। उन्होंने इस मामले में किसानों के खेतों में जानबूझकर आग लगाए जाने की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
सिविल लाइंस स्थित अपने आधिकारिक आवास पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कपिल मिश्रा ने कहा कि दिवाली की शाम पंजाब के अलग-अलग इलाकों से किसानों के फोन आने शुरू हुए थे। किसानों ने शिकायत की कि जब वे अपने परिवार के साथ दिवाली मना रहे थे, उसी दौरान उनके खेतों में आग लगाई जा रही थी। इसके बाद भारत सरकार के सैटेलाइट आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने घटनाओं में अचानक हुई वृद्धि पर सवाल उठाए।
मिश्रा ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि 8 नवंबर की रात जिन इलाकों में खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आईं, वहां एफआईआर दर्ज कराकर विस्तृत जांच कराई जाए। उन्होंने संबंधित क्षेत्रों के नेताओं और विधायकों के फोन रिकॉर्ड की जांच की मांग भी की। उनका आरोप है कि किसानों, दिवाली और दिल्ली को बदनाम करने के लिए सुनियोजित प्रयास किया गया हो सकता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने पंजाब के प्रदूषण स्तर का भी मुद्दा उठाया। मिश्रा के मुताबिक, 9 नवंबर की सुबह मलोट में AQI 1238, अबोहर में 1307 और संगरूर में 1651 दर्ज होने की जानकारी सामने आई। उन्होंने सवाल किया कि पंजाब में बढ़ते प्रदूषण के लिए आखिर जिम्मेदार कौन है और किसानों के खेतों में आग लगाने की घटनाओं की वास्तविकता क्या है।
दिल्ली में दिवाली के दौरान प्रदूषण के आंकड़ों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2023 में प्री और पोस्ट दिवाली प्रदूषण में 43.33 प्रतिशत तथा 2024 में करीब 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी, जबकि इस वर्ष 1.33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदूषण अभी भी गंभीर समस्या है और इसे नियंत्रित करने के लिए लगातार प्रयास जरूरी हैं।
कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर दिवाली, पटाखों और सनातन परंपराओं के खिलाफ माहौल बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि किसानों और दिवाली को एक-दूसरे के विरोध में खड़ा करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पंजाब सरकार से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर खेतों में आग लगाने के आरोपों की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।