विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज: राजनीतिक दलों ने दिए सुझाव

टेन न्यूज़ नेटवर्क

गौतमबुद्धनगर (05 नवंबर 2026): उत्तर प्रदेश में विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों की नई व्यवस्था की जानकारी देने के साथ ही चुनाव प्रचार सामग्री के रेट चार्ट पर राजनीतिक दलों से सुझाव मांगे गए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग से अनुमोदित सूची के अनुसार गौतमबुद्धनगर में कुल 766 मतदान केंद्र और 1,926 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। मतदेय स्थलों के नए परिसीमन में 32 मतदान केंद्र और 12 मतदेय स्थल बढ़ाए गए हैं, जबकि 9 मतदान केंद्र और 110 मतदेय स्थल कम किए गए हैं।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली प्रचार-प्रसार सामग्री की दरों पर भी चर्चा हुई। इसके लिए वर्ष 2024 में निर्धारित रेट चार्ट की प्रति प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रस्तावित दरों पर अपने सुझाव एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा, ताकि चुनावी खर्च से संबंधित दरों का निर्धारण पारदर्शी तरीके से किया जा सके।

इसके अलावा, अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन की ओर से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और आवश्यक संशोधन कराने के लिए जागरूक किया जाएगा। इसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) नियुक्त करने और मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को पूरा सहयोग देने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के लिए फॉर्म-6ए, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की सुविधा उपलब्ध है।

अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के लिए आरडब्ल्यूए, व्यापारिक एवं औद्योगिक संगठनों, कॉलेजों, एनएसएस, एनसीसी, युवा संगठनों, मीडिया संस्थानों, बार एसोसिएशन, आईएमए, वरिष्ठ नागरिक संगठनों और पूर्व सैनिक संगठनों सहित विभिन्न संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार, संबंधित अधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।