ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला: 64 गांवों के आबादी क्षेत्रों में लगेंगी LED स्ट्रीट लाइटें, 9 करोड़ होंगे खर्च

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (06/11/2026): ग्रेटर नोएडा के ग्रामीण इलाकों और प्रमुख मार्गों पर रात के समय बेहतर रोशनी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण की योजना के तहत शहर के 64 गांवों के विकसित आबादी क्षेत्रों में एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इसके साथ ही 130 मीटर चौड़ी सड़क पर तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक विकसित किए जा रहे बसवे के किनारे भी आधुनिक प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। इन दोनों परियोजनाओं पर लगभग 9 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

किसानों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए प्राधिकरण के सीईओ ने इन परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब संबंधित विभाग जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी में जुट गया है।

64 गांवों के विकसित आबादी क्षेत्रों को मिलेगी रोशनी

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिकी विभाग ने 64 गांवों में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5.18 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसके अंतर्गत गांवों के 6 प्रतिशत और 10 प्रतिशत विकसित आबादी क्षेत्रों में बनी सड़कों पर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इसके अलावा नई विकसित सड़कों और उन स्थानों को भी चिह्नित किया गया है, जहां वर्तमान में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है।

इस परियोजना में घंघोला, दलेलगढ़, बागपुर, लडपुरा, रामपुर माजरा, पचायतन, गिरधरपुर आजमपुर, कनारसी, तालड़ा, झालड़ा, रोशनपुर, जुनैदपुर, सिरसा, कासना, बूढ़ा, घरबरा, मुर्शिदपुर, चुहरपुर खादर, बरसात, खानपुर, इमलियाका, लुक्सर, पीपलका, नियाना, सलेमपुर गुर्जर, हतेवा, नवादा, दादूपुर, चचुला, रिठौरी, रामपुर फतेहपुर, डाबरा, डाढ़ा, रायपुर बांगर, अजायबपुर, मायचा, बिरौंडी, मथुरापुर, क्यामपुर, ऐच्छर, बल्ला की मढ़ैया, ननुआ का राजपुर, समसपुर, तिलवाड़ा, कुलीपुरा, देवटा, ईसेपुर, जानीपुरा, बुलंदखेड़ा, रौनी, अस्तौली, पौव्वारी, अमरपुर, चीरसी, खेरली हाफीजपुर, पतलाखेड़ा और मंडी श्याम नगर सहित अन्य गांव शामिल हैं।

इन क्षेत्रों में 30 से 40 वाट क्षमता वाली एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे उन किसानों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें प्राधिकरण की ओर से आबादी भूखंड आवंटित किए गए हैं। बेहतर प्रकाश व्यवस्था होने से किसान अपने भूखंडों पर मकान बनाकर रहने के लिए प्रोत्साहित होंगे और रात के समय आने-जाने में भी परेशानी कम होगी।

130 मीटर रोड के बसवे पर भी लगेंगी आधुनिक लाइटें

प्राधिकरण की दूसरी परियोजना 130 मीटर चौड़ी सड़क से जुड़ी है। इसके तहत तिलपता रोटरी से सिरसा रोटरी तक प्रस्तावित बसवे के किनारे स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इस कार्य पर करीब 4.70 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

यह मार्ग ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक, आवासीय और संस्थागत क्षेत्रों को आपस में जोड़ने के साथ-साथ नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यातायात के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण है। इस सड़क पर लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बसवे विकसित किया जा रहा है।

बसवे पर अलग-अलग स्थानों पर 8, 9, 10 और 12 मीटर ऊंचे पोल लगाए जाएंगे, जिन पर एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इससे सड़क और बसवे पर रात के समय पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सकेगी।

ग्रामीणों से लेकर औद्योगिक श्रमिकों तक को मिलेगा लाभ

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि दोनों परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य गांवों के विकसित आबादी क्षेत्रों और शहर के प्रमुख मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना है। इससे रात में लोगों का आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

प्राधिकरण की इस पहल से एक ओर जहां 64 गांवों के किसानों और स्थानीय निवासियों को राहत मिलेगी, वहीं दूसरी ओर नोएडा एयरपोर्ट की ओर जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर भी बेहतर रोशनी की सुविधा उपलब्ध होगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।