ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ेगी सुरक्षा, IBA ने पुलिस-UPSIDA और श्रम विभाग के साथ बनाई रणनीति

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (03 November 2026): दीपावली के त्योहार पर ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और श्रमिकों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने पुलिस प्रशासन, उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में साइट-5 और EPIP औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा, बंद रहने वाली फैक्ट्रियों की निगरानी, श्रमिकों के वेतन एवं बोनस तथा त्योहार के बाद औद्योगिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने जैसे विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक की अध्यक्षता ADCP संतोष कुमार ने की। पुलिस प्रशासन की ओर से ACP-3 डॉ. रवि शंकर मिश्रा, कासना थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा और साइट-5 चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर हर्षवर्धन मौजूद रहे। वहीं, UPSIDA की ओर से गौतम बुद्ध नगर के रीजनल मैनेजर अनिल शर्मा और अधिशासी अभियंता एन.के. जैन ने सहभागिता की। श्रम विभाग की तरफ से श्रम प्रवर्तन अधिकारी जय प्रकाश सिंह भी बैठक में शामिल हुए।

IBA की ओर से उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, जॉइंट सेक्रेटरी विकास राय, साइट-5 के सेक्टर सेक्रेटरी वीरेंद्र प्रताप रावल और वरिष्ठ सदस्य आकाश अश्वथी सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त साइट-5 और EPIP औद्योगिक क्षेत्र के कई उद्यमियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया। इनमें वरिष्ठ उद्यमी प्रमोद झा और PPAP Automotive के सुनील कुमार दीक्षित समेत अन्य उद्योग प्रतिनिधि शामिल रहे।

बंद फैक्ट्रियों की सुरक्षा को लेकर विशेष चिंता

बैठक में दीपावली के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चिंता जताई गई। त्योहार पर लंबी छुट्टियों के चलते बड़ी संख्या में श्रमिक अपने गृह जनपद चले जाते हैं। वहीं, कई औद्योगिक इकाइयों में भी कुछ दिनों के लिए उत्पादन और अन्य गतिविधियां बंद रहती हैं। ऐसे में फैक्ट्रियों और उनके परिसरों में चोरी, आगजनी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने पर जोर दिया गया।

इस दिशा में औद्योगिक क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने और संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखने का सुझाव दिया गया। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार नए स्थानों पर CCTV कैमरे स्थापित कराने और मौजूदा निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। फैक्ट्री प्रबंधन को अपने सुरक्षा गार्डों एवं अन्य कर्मचारियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के लिए निर्देशित करने पर भी जोर दिया गया।

श्रमिकों के वेतन और दीपावली बोनस पर भी हुई चर्चा

सुरक्षा के साथ-साथ बैठक में श्रमिकों के हितों को भी प्रमुखता से उठाया गया। अधिकारियों और उद्यमियों के बीच श्रमिकों को निर्धारित समय पर वेतन तथा दीपावली बोनस का भुगतान सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा त्योहार के दौरान श्रमिकों की छुट्टियों और उनके आवागमन से जुड़े विषयों पर भी विचार साझा किए गए। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि त्योहार के बाद औद्योगिक इकाइयों में कामकाज दोबारा व्यवस्थित तरीके से शुरू हो और किसी तरह का औद्योगिक व्यवधान उत्पन्न न हो।

पुलिस, UPSIDA और उद्यमियों के बीच समन्वय पर जोर

बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि त्योहार के दौरान औद्योगिक क्षेत्रों को सुरक्षित रखने के लिए पुलिस प्रशासन, UPSIDA और उद्यमियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है। विशेष रूप से जिन इकाइयों में कई दिनों तक कामकाज बंद रहेगा, वहां सुरक्षा इंतजामों की पहले से समीक्षा करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संयुक्त प्रयास करने की आवश्यकता बताई गई।

IBA का कहना है कि एसोसिएशन का उद्देश्य उद्यमियों और श्रमिकों के हितों की रक्षा के साथ औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बनाए रखना है। एसोसिएशन ने दीपावली के दौरान और उसके बाद भी औद्योगिक गतिविधियों को, सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना या अव्यवस्था को रोकने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।