बैठक में नहीं बनी बात तो मांगो के साथ गेट पर ही धरने पर बैठ गए दिल्ली पुलिस के एसीपी
टेन न्यूज़ नेटवर्क
New Delhi News (02 November 2026): राजधानी दिल्ली (Delhi) में सोमवार, 2 नवंबर को दिल्ली पुलिस (Delhi Police) के जवानों ने अपनी सुरक्षा और इंसाफ की मांग को लेकर पुलिस मुख्यालय में विरोध-प्रदर्शन किया। एसीपी मनस्वी वशिष्ठ (ACP Manasvi Vashisht) के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी शामिल हुए। जवानों ने पुलिस मुख्यालय में पहुंचकर नारेबाजी की। इस दौरान महिला पुलिसकर्मी भी प्रदर्शन करती नजर आईं। पुलिसकर्मियों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन प्रदर्शन जारी रहा। बाद में नाराज जवान पुलिस मुख्यालय के गेट नंबर-1 के बाहर बैठ गए।
प्रदर्शन के बाद पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार (Anurag Kumar) के साथ पुलिसकर्मियों की बैठक हुई। इस दौरान एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने जवानों की ओर से तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग थी कि वकीलों के खिलाफ दर्ज मामलों को रद्द नहीं किया जाना चाहिए। दूसरी मांग में कहा गया कि मामले में बार काउंसिल के सदस्य का नाम हटाया नहीं जाना चाहिए। पुलिसकर्मियों का कहना है कि दर्ज मामलों में किसी तरह का बदलाव नहीं होना चाहिए और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की जानी चाहिए।
तीसरी मांग प्रदर्शन में शामिल पुलिसकर्मियों की सुरक्षा और उनके खिलाफ कार्रवाई से जुड़ी रही। एसीपी मनस्वी वशिष्ठ ने कहा कि प्रदर्शन में शामिल किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यदि पुलिस विभाग निलंबन या कोई अन्य सख्त कार्रवाई करना चाहता है, तो वह कार्रवाई केवल उनके खिलाफ की जाए। इस मांग के जरिए उन्होंने प्रदर्शन में शामिल जवानों को विभागीय कार्रवाई से बचाने की बात रखी।
गौरतलब है कि 23 अक्टूबर को शाहदरा थाने में पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ा था। इस घटना के बाद एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और थाना प्रभारी के तबादले को लेकर पुलिसकर्मियों में नाराजगी सामने आई थी। अब पुलिस मुख्यालय में हुए इस प्रदर्शन के बाद विभाग के सामने जवानों की तीन मांगें हैं। फिलहाल सबकी नजर इस बात पर है कि पुलिस विभाग इन मांगों पर क्या फैसला लेता है और प्रदर्शन में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई होती है या नहीं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।