1984 सिख नरसंहार की याद में दिल्ली में भाजपा की श्रद्धांजलि पदयात्रा, राहुल गांधी से माफी की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (02 November 2026): 1984 के सिख नरसंहार में मारे गए लोगों की स्मृति में सोमवार को दिल्ली में भाजपा की ओर से श्रद्धांजलि पदयात्रा निकाली गई। ‘1984- कांग्रेस द्वारा सिखों का नरसंहार नहीं भूलेगा हिंदुस्तान’ के नारे के साथ निकाली गई इस पदयात्रा में सिख संगत, नरसंहार से प्रभावित परिवारों के सदस्य और दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा गुरुद्वारा श्री बंगला साहिब से शुरू होकर गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब तक पहुंची। इस दौरान गुरुवाणी का जाप किया गया और नरसंहार में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

पदयात्रा में भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत, सांसद बांसुरी स्वराज और वरिष्ठ भाजपा नेता राजीव बब्बर सहित पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के समापन पर गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में दिवंगत सिखों की स्मृति में मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि दी गई।

कमलजीत सहरावत ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप

भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने 1984 के सिख नरसंहार को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उस दौरान सिख समुदाय के लोगों को संगठित तरीके से निशाना बनाया गया। सिख परिवारों के घरों की पहचान कर लोगों को बाहर निकाला गया और उनके साथ अमानवीय अत्याचार किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस हिंसा में कांग्रेस नेताओं और उनके समर्थित लोगों की भूमिका थी।

सहरावत ने कहा कि कांग्रेस ने पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और उनके जख्मों पर मरहम लगाने के लिए कभी गंभीर प्रयास नहीं किए। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि 1 नवंबर के संदर्भ में उनकी राजनीति से सिख समाज के पुराने जख्म फिर हरे हो जाते हैं। उन्होंने राहुल गांधी से सिख समाज की भावनाओं का सम्मान करने और इस मुद्दे पर जिम्मेदारी दिखाने की मांग की।

बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी से मांगी माफी

भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज ने 1984 के सिख नरसंहार को कांग्रेस की सोची-समझी साजिश बताते हुए पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।

स्वराज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक पीड़ित परिवारों को न्याय से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने पीड़ित परिवारों को मुआवजा और नौकरियां देने के साथ ही दोषियों को सजा दिलाने की दिशा में काम किया है। इस दौरान उन्होंने सज्जन कुमार को मिली सजा का भी उल्लेख किया।

राहुल गांधी की रैली को लेकर सवाल उठाते हुए बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि इंडिया गठबंधन के नेताओं ने 1984 के सिख नरसंहार पर चुप्पी साधे रखी। उन्होंने राहुल गांधी से सिख समाज और देश से माफी मांगने तथा पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की।

पीड़ित परिवारों और सिख संगत की रही भागीदारी

श्रद्धांजलि पदयात्रा में 1984 के नरसंहार से प्रभावित परिवारों के सदस्य सरदार करतार सिंह, प्रीति सिंह कौर, जसवीर कौर, भागी कौर, परमजीत कौर और मनप्रीत कौर सहित बड़ी संख्या में सिख महिलाएं, निहंग जत्थेदार और तिलक विहार के प्रभावित परिवार शामिल हुए।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। पूरी पदयात्रा के दौरान गुरुवाणी का जाप किया गया। अंत में गुरुद्वारा श्री रकाबगंज साहिब में मोमबत्तियां जलाकर 1984 के नरसंहार में मारे गए सिखों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।