सशक्त महिला उद्यमी संगठन की पहल: महिला उद्यमियों को मिला निःशुल्क मंच- संस्थापक डॉ. खुशबू सिंह

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (03/11/2026): महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके हुनर को पहचान दिलाने के उद्देश्य से सशक्त महिला उद्यमी संगठन की ओर से मंगलवार को विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। IILM यूनिवर्सिटी परिसर में आयोजित इस प्रदर्शनी में बड़ी संख्या में महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सभी महिला उद्यमियों को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए, ताकि वे बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अपने उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकें।

सशक्त महिला उद्यमी संगठन की संस्थापक डॉ. खुशबू सिंह ने टेन न्यूज नेटवर्क से बातचीत में बताया कि संगठन का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमियों को एक मंच पर लाना और उन्हें रोजगार एवं व्यवसाय को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि दीपावली के दौरान बाजारों में स्टॉल लगाने के लिए पांच से दस हजार रुपये तक शुल्क लिया जाता है, जबकि संगठन की ओर से सभी महिला उद्यमियों को निःशुल्क स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महिलाएं अपने व्यवसाय से होने वाली पूरी कमाई अपने पास रख सकें। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण तभी संभव है, जब महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें।

प्रदर्शनी में शामिल आर्ट पैलेट स्टूडियो की संस्थापक भारती ने बताया कि वह डॉट मंडला आर्ट और हस्तनिर्मित पेंटिंग तैयार करती हैं। उन्होंने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान उनकी मुलाकात डॉ. खुशबू सिंह से हुई थी। संगठन से जुड़ने के बाद उन्हें अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार और व्यवसाय को आगे बढ़ाने के नए अवसर मिले हैं। वहीं, नेहा क्राफ्ट स्टूडियो की संचालक ने बताया कि वह फ्रिज मैग्नेट, की-चेन और होम डेकोर से जुड़े उत्पाद तैयार करती हैं। संगठन की पहल से उन्हें भी निःशुल्क स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिला।

बेकिंग व्यवसाय से जुड़ी ऋतु चैन ने बताया कि वह पिछले दस वर्षों से इस क्षेत्र में काम कर रही हैं। वह विशेष रूप से ग्लूटेन फ्री और होल व्हीट उत्पाद तैयार करती हैं। उन्होंने संगठन की ओर से निःशुल्क स्टॉल के साथ बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की सराहना की। वहीं, मैरिया सेन ने बताया कि वह घर पर ड्राई फ्रूट्स, खजूर और गुड़ से हेल्दी लड्डू तैयार करती हैं। इस प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें अपने उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने और उनकी बिक्री करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में शामिल अन्य महिला उद्यमियों ने भी संगठन की इस पहल की सराहना की। एक महिला उद्यमी ने बताया कि संगठन से जुड़ने के बाद उनके काम को पहचान और प्रचार मिला है। साथ ही, नए ग्राहक जुड़े हैं और अलग-अलग स्थानों पर स्टॉल लगाने के अवसर भी प्राप्त हुए हैं। वहीं, एक अन्य प्रतिभागी ने कहा कि घर से काम करने वाली कई महिलाओं के पास हुनर और बेहतर उत्पाद होते हैं, लेकिन उचित मंच और पहचान के अभाव में वे अपने व्यवसाय को आगे नहीं बढ़ा पातीं। ऐसे में सशक्त महिला उद्यमी संगठन उनके लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम कर रहा है।

डॉ. खुशबू सिंह ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल प्रदर्शनी आयोजित करना नहीं, बल्कि महिलाओं को लंबे समय तक आर्थिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाना है। इसके लिए संगठन के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण, प्रचार-प्रसार और व्यवसाय से जुड़े विभिन्न अवसरों की जानकारी उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अन्य महिलाओं से भी संगठन से जुड़ने और अपने हुनर को व्यवसाय के रूप में विकसित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की अपील की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।