New Delhi News (02 November 2026): दिल्ली (Delhi) में पुलिस मुख्यालय के बाहर सोमवार को पुलिसकर्मियों ने अपने ही विभाग के फैसले के खिलाफ प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जवान मुख्यालय के बाहर जुटे और एसीपी मनस्वी वशिष्ठ (ACP Manasvi Vashisht) तथा शाहदरा थाने के एसएचओ के तबादले पर नाराजगी जताई। प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों का कहना है कि वकीलों के दबाव में अधिकारियों का ट्रांसफर करना अनुचित है। इससे पुलिस बल का मनोबल प्रभावित होता है। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी जवानों को समझाने और प्रदर्शन समाप्त कराने की कोशिश करते रहे।
पूरा मामला 23 अक्टूबर को शाहदरा पुलिस स्टेशन में पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच हुई झड़प से जुड़ा है। थाने के अंदर हुए विवाद के दौरान एक वकील के सिर में गंभीर चोट आई थी। इस घटना के बाद दिल्ली के वकीलों ने विरोध शुरू कर दिया और हड़ताल का ऐलान किया। वकीलों ने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ पर पिस्टल लहराने का आरोप लगाते हुए उनके तबादले की मांग की थी। इस विवाद ने पुलिस और वकीलों के बीच तनाव बढ़ा दिया था।
वकीलों के विरोध के बाद दिल्ली पुलिस ने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और शाहदरा थाने के एसएचओ का तबादला कर दिया। दोनों अधिकारियों को निष्क्रिय यूनिटों में भेजे जाने की बात सामने आई है। इसी फैसले के विरोध में पुलिसकर्मी एकजुट होकर मुख्यालय पहुंचे। जवानों का आरोप है कि मामले में एकतरफा कार्रवाई की गई है और वकीलों के दबाव में पुलिस अधिकारियों के खिलाफ फैसला लिया गया है। उनका कहना है कि ऐसी कार्रवाई से पुलिसकर्मियों के सम्मान और मनोबल पर असर पड़ता है।
प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस मुख्यालय के आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया। प्रदर्शनकारी जवानों ने वरिष्ठ अधिकारियों से मामले में हस्तक्षेप करने और पुलिसकर्मियों के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई रोकने की मांग की। गौरतलब है कि तीस हजारी कोर्ट परिसर में हुई हिंसा के बाद यह दूसरा मौका है, जब दिल्ली पुलिस के जवानों ने अपने अधिकारों और सम्मान के मुद्दे पर पुलिस मुख्यालय के बाहर विरोध जताया है। जवानों के इस अप्रत्याशित प्रदर्शन से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।