दिलजीत दोसांझ के बाद अब दिल्ली में गुरु रंधावा का सोलो स्टेडियम कॉन्सर्ट, JLN स्टेडियम में मचेगी धूम

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (02 November 2026): पंजाबी म्यूजिक के चाहने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दिलजीत दोसांझ के बाद अब दिल्ली (Delhi) में मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा (Guru Randhawa) अपने गानों से राजधानी में धूम मचाने आ रहे हैं। गुरु रंधावा करीब तीन साल के ब्रेक के बाद बड़े स्तर पर लाइव परफॉर्मेंस के लिए स्टेज पर वापसी करेंगे। उनका कॉन्सर्ट ‘द सिर्रा एरा लाइव इन कॉन्सर्ट’ (The Siraa Era Live in Concert) 12 दिसंबर 2026 को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (Jawaharlal Nehru Stadium) में आयोजित होगा। यह गुरु रंधावा का पहला सोलो स्टेडियम कॉन्सर्ट होगा।

गुरु रंधावा ने अपनी स्टेज पर वापसी को लेकर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि टूरिंग से ब्रेक लेना उनका सोच-समझकर लिया गया फैसला था, लेकिन अब स्टेडियम में परफॉर्म करने की तैयारी करना उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है। उन्होंने अपने फैंस को इस सफर की सबसे बड़ी ताकत बताया और कहा कि उनके चाहने वालों ने हर अच्छे-बुरे वक्त में उनका साथ दिया है। यह कॉन्सर्ट उनके लिए फैंस के प्रति आभार जताने का खास मौका होगा।

गुरु रंधावा ने बताया कि वह अपनी स्टेज पर वापसी की शुरुआत उसी जगह से करना चाहते थे, जहां से उनका सफर शुरू हुआ था। उनके मुताबिक, यह शो सिर्फ एक कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि उन लोगों के लिए धन्यवाद है, जिन्होंने उन्हें पहचान और प्यार दिया। वह स्टेडियम में अपने प्रशंसकों के बीच खड़े होकर उनके प्यार और सम्मान का जवाब देना चाहते हैं। ऐसे में दिल्ली में होने वाला यह कार्यक्रम उनके संगीत करियर के लिहाज से भी खास माना जा रहा है।

आयोजकों के मुताबिक, कॉन्सर्ट को बड़े स्टेडियम के स्तर पर तैयार किया जाएगा। इसमें शानदार प्रोडक्शन, बड़े ऑडियो-विजुअल इफेक्ट्स और लाइव म्यूजिक का अनुभव देखने को मिलेगा। सारेगामा इंडिया (Saregama India) के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट सिद्धार्थ आनंद कुमार ने कहा कि इस आयोजन के जरिए गुरु रंधावा के संगीत को बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। कार्यक्रम के आयोजन में पर्यावरण को ध्यान में रखकर भी कदम उठाए जाएंगे। यह एक रात का कॉन्सर्ट होगा, हालांकि टिकटों की बिक्री की तारीख और उनकी कीमतों का ऐलान अभी नहीं किया गया है।

गुरु रंधावा ने साल 2015 में अपने गाने ‘पटोला’ से लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने ‘लाहौर’, ‘हाई रेटेड गबरू’, ‘मेड इन इंडिया’, ‘बन जा मेरी रानी’, ‘इशारे तेरे’ और ‘दारू वरगी’ जैसे कई हिट गाने दिए। हाल के समय में उनके ‘कातिल’, ‘अजूल’, ‘डोपामिन’, ‘पेरिस’, ‘परफेक्ट’ और ‘पैन इंडिया’ जैसे गानों को भी दर्शकों ने पसंद किया है। अब तीन साल बाद उनकी लाइव वापसी और दिल्ली में पहला सोलो स्टेडियम शो उनके प्रशंसकों के लिए खास आकर्षण बनने जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।