शारदा यूनिवर्सिटी में कबड्डी के जरिए दिया नशामुक्ति का संदेश, 250 विद्यार्थियों ने लिया संकल्प

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (31/10/2026): युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा स्थित शारदा विश्वविद्यालय में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के डीन स्टूडेंट वेलफेयर (DSW) के तत्वावधान में स्पोर्ट्स सोसाइटी और एनएसएस सेल की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का नाम ‘नशा मुक्त युवा – कबड्डी मैच’ रखा गया। यह पहल 100 सप्ताह के ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ और उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नशा मुक्त अभियान’ के तहत की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ खेलों के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना और अनुशासन, टीम भावना तथा सकारात्मक जीवनशैली का महत्व समझाना था। इसी कड़ी में भारतीय पारंपरिक खेल कबड्डी को माध्यम बनाकर युवाओं को स्वस्थ गतिविधियों से जुड़ने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत संबोधन के साथ हुई। इसके बाद शारदा विश्वविद्यालय की छात्राओं की टीम और संत किशोरी शरण विद्या मंदिर स्कूल की छात्र टीम के बीच अंतर-संस्थागत कबड्डी मुकाबला खेला गया। मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्साह, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में शारदा विश्वविद्यालय की छात्राओं की टीम और संत किशोरी शरण विद्या मंदिर स्कूल की छात्र टीम विजेता रहीं।

कबड्डी मैच के समापन के बाद नशामुक्ति शपथ समारोह आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने, अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने और नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस आयोजन में विश्वविद्यालय और स्कूल के विद्यार्थियों, एनएसएस स्वयंसेवकों, स्पोर्ट्स सोसाइटी के सदस्यों, संकाय सदस्यों, विश्वविद्यालय अधिकारियों तथा छात्र कल्याण प्रतिनिधियों सहित करीब 250 लोगों ने भाग लिया। इनमें लगभग 150 छात्र और 100 छात्राएं शामिल रहीं।

इस अवसर पर डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहयोग जैसे गुण भी विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई से युवाओं को बचाने के लिए जागरूकता, सकारात्मक सोच और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देने के साथ जिम्मेदार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। साथ ही, विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों के बीच आपसी संवाद, सहयोग और खेल भावना को भी बढ़ावा मिला। इस दौरान डॉ. रचना बंसल, डॉ. शांति नारायणन और रिशांक अग्रवाल ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।