ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ समारोह, 126 प्रतिभावान विद्यार्थी और 25 शिक्षक सम्मानित

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (31 अक्टूबर 2026): भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा की ओर से शनिवार को ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल, सिग्मा-1 के सभागार में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन-2026’ वार्षिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में 20 विद्यालयों के 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, कक्षा 6 से 12 तक के 126 प्रतिभावान विद्यार्थियों को विभिन्न कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह प्रांत संपर्क प्रमुख वेदपाल आर्य मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। भारत विकास परिषद के प्रांत अध्यक्ष कवित बंसल, प्रांत महासचिव मुक्ता अग्रवाल, अमर उजाला के ब्यूरो चीफ अतुल भारद्वाज, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, शारदा हॉस्पिटल के डॉ. विजय कुमार और IBM के ग्लोबल सर्विस डिलीवरी लीडर डॉ. अजय शर्मा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में सहभागिता की।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

समारोह की शुरुआत ग्रेड्स इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के संपूर्ण गायन से हुई। इस प्रस्तुति का संयोजन संचारी भट्टाचार्य ने किया। इसके बाद ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल और स्वप्निल एकेडमी के विद्यार्थियों ने नवनीता महेश के संयोजन में स्वागत गीत और नृत्य प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम के दौरान ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती मंजू कौल रैना सहित विभिन्न विद्यालयों के चार प्रधानाचार्यों को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए ‘विशिष्ट शिक्षा सेवा सम्मान’ प्रदान किया गया।

वेदपाल आर्य ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण के लिए किया प्रेरित

मुख्य वक्ता वेदपाल आर्य ने स्वामी विवेकानंद के जीवन प्रसंगों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय शिक्षा व्यवस्था, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि योग्य, समझदार और राष्ट्रभक्त नागरिक बनना भी होना चाहिए। विद्यार्थियों को जिस भी क्षेत्र में कार्य करने का अवसर मिले, उसमें उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।

अपने संबोधन में उन्होंने मैकाले की शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए भारतीय शिक्षा व्यवस्था और संस्कृति पर उसके प्रभाव की चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

IBM के ग्लोबल सर्विस डिलीवरी लीडर डॉ. अजय शर्मा ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सही और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं। वहीं, प्रधानाचार्या मंजू कौल रैना ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करके उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से प्रयास करना चाहिए।

नशामुक्त भारत का दिलाया संकल्प

भारत विकास परिषद की प्रांत महासचिव मुक्ता अग्रवाल ने ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ कार्यक्रम के उद्देश्य और महत्व की जानकारी दी। प्रांत अध्यक्ष कवित बंसल ने परिषद की विभिन्न सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के बारे में बताया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए शपथ दिलाई। उन्होंने समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने के महत्व को रेखांकित किया।

20 विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों का सम्मान

समारोह में 20 विद्यालयों के 25 शिक्षक-शिक्षिकाओं को उनके उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त, कक्षा 6 से 12 तक के 126 प्रतिभावान विद्यार्थियों को विभिन्न कक्षाओं में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों के योगदान को सम्मान देना और विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर भारत विकास परिषद की विवेकानंद शाखा के पदाधिकारी राजेश बिहारी, राजेंद्र सोनी, राकेश रिखी, पदमा वर्मा, नीरज कौशिक, राजीव जैन, माया, निर्मल, प्रेरणा और राज जैन सहित समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रोफेसर विवेक कुमार ने कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी देने के साथ मंच संचालन की जिम्मेदारी निभाई। विद्यालय की प्रधानाचार्या मंजू कौल रैना और विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष विवेक अरोरा ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. सुरभि तनेजा का विशेष योगदान रहा। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।