ITS डेंटल कॉलेज के ‘ऑक्लूजन-2026’ में मनिंदर बुट्टर की लाइव परफॉर्मेंस ने बांधा समां,
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31/10/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित आईटीएस डेंटल कॉलेज में तीन दिवसीय वार्षिक समारोह ‘ऑक्लूजन-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। 29 से 31 अक्टूबर तक चले इस समारोह में संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, खेलकूद और विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का शानदार संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा के विभिन्न डेंटल कॉलेजों से आए 1500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ आईटीएस द एजुकेशन ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. आर.पी. चड्ढा, उपाध्यक्ष सोहेल चड्ढा, सचिव बी.के. अरोड़ा, निदेशक जनसंपर्क सुरेन्द्र सूद, आईटीएस डेंटल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों और शिक्षकों की उपस्थिति में हुआ। तीन दिनों तक आयोजित गतिविधियों ने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर दिया।

समारोह के दूसरे दिन पंजाबी संगीत जगत के लोकप्रिय गायक मनिंदर बुट्टर ने अपनी लाइव परफॉर्मेंस से विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह भर दिया। उन्होंने ‘सखियां’, ‘इक तेरा’, ‘लारे’ और ‘पानी दी गल’ जैसे लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को संगीतमय बना दिया। उनके गानों पर कॉलेज परिसर में मौजूद विद्यार्थी झूमते और साथ गाते नजर आए। मनिंदर बुट्टर की प्रस्तुति समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रही।

वहीं, समारोह के अंतिम दिन आयोजित डीजे नाइट में भी विद्यार्थियों ने जमकर मस्ती की। संगीत और मनोरंजन से सजी इस शाम में विद्यार्थियों ने देर रात तक कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान नृत्य, गायन, फैशन शो, क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल, कैरम, शतरंज, फेस पेंटिंग और रंगोली सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विभिन्न संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने बताया कि ‘ऑक्लूजन-2026’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और दूसरे संस्थानों के छात्रों के साथ संवाद एवं अनुभव साझा करने का अवसर देते हैं।
संस्थान के उपाध्यक्ष सोहेल चड्ढा ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली पूरी टीम और विभिन्न राज्यों से पहुंचे विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक गतिविधियों के साथ इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग जैसे गुणों को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने का मंच भी प्रदान करते हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।