Theft at Vedic Sanyas Ashram in Imalia village, रात के अंधेरे में ताला तोड़कर कीमती सामान ले उड़े चोर
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31/10/2026): ग्रेटर नोएडा के इमलिया गांव में स्थित वैदिक संन्यास आश्रम को चोरों ने निशाना बनाते हुए वहां से बड़ी मात्रा में सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार देर रात करीब 12 बजे अज्ञात चोर आश्रम का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और इनवर्टर, बैट्री, घी के कई टीन, पंखे, हवन सामग्री समेत अन्य जरूरी सामान लेकर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में नाराजगी का माहौल है।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब ग्रामीण आश्रम पहुंचे तो वहां का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर सामान बिखरा देखकर चोरी की जानकारी सामने आई। जांच करने पर पता चला कि आश्रम में रखा इनवर्टर, बैट्री, घी के टीन और धार्मिक अनुष्ठानों में इस्तेमाल होने वाली सामग्री गायब है। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव के अन्य लोगों को घटना की सूचना दी।
ग्राम प्रधान बलवीर के अनुसार, वैदिक संन्यास आश्रम गांव के बाहरी इलाके में स्थित है। सुनसान स्थान पर होने के कारण यहां रात के समय आवाजाही कम रहती है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि आश्रम में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक किसी भी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
घटना के संबंध में ग्राम प्रधान ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर बार-बार चोरी की घटनाएं होना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और आश्रम की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई है।
वहीं, इकोटेक-1 कोतवाली पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। चोरी में शामिल लोगों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।