बेगम अख्तर की 52वीं पुण्यतिथि पर सजी ‘शाम-ए-अख्तरी’, सोमा घोष ने दी संगीतमय श्रद्धांजलि

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (31 October 2026): ग़ज़ल की मल्लिका बेगम अख्तर की 52वीं पुण्यतिथि के अवसर पर राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) में विशेष संगीतमय कार्यक्रम ‘शाम-ए-अख्तरी’ का आयोजन किया गया। 30 अक्टूबर 2026 को समवेत सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में पद्मश्री डॉ. सोमा घोष ने अपनी भावपूर्ण गायकी के माध्यम से बेगम अख्तर को संगीतमय श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में संगीत और सिनेमा का अनूठा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान बेगम अख्तर के जीवन, संघर्ष और उनकी संगीत साधना के विभिन्न पड़ावों को एक विशेष फिल्म के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। डॉ. सोमा घोष और प्रो. शुभंकर घोष द्वारा निर्मित इस फिल्म के साथ सोमा घोष की लाइव गायकी ने आयोजन को विशेष बना दिया। पर्दे पर बेगम अख्तर के जीवन से जुड़े प्रसंगों को दिखाया गया, वहीं मंच पर उनकी ग़ज़लों की प्रस्तुतियों के जरिए उनकी संगीत विरासत को जीवंत किया गया।

बेगम अख्तर के गीतों के जरिए बयां की उनकी जीवन यात्रा

डॉ. सोमा घोष ने कहा कि उनकी कोशिश नई पीढ़ी को भारतीय शास्त्रीय संगीत की महान विभूतियों और उनकी विरासत से जोड़ने की है। उन्होंने कहा कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान और बेगम अख्तर जैसी महान हस्तियों के जीवन और संगीत को युवाओं के सामने नए अंदाज में प्रस्तुत करना जरूरी है।

उन्होंने भावुक अनुभव साझा करते हुए बताया कि गायन के दौरान एक पल ऐसा महसूस हुआ, मानो बेगम अख्तर स्वयं उनके सामने मौजूद हों। उन्होंने केवल उनके गीत गाने के बजाय उनकी जिंदगी की कहानी और भावनाओं को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत करने का प्रयास किया।

कला और संस्कृति जगत की हस्तियों ने की शिरकत

कार्यक्रम में पद्म विभूषण डॉ. सोनल मानसिंह, वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक हेमंत शर्मा और संस्कृति मंत्रालय के संयुक्त सचिव अरविंद कुमार सहित कला, साहित्य और संस्कृति जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां मौजूद रहीं।

इस आयोजन का नेतृत्व इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के कला दर्शन विभाग की अध्यक्ष प्रो. डॉ. ऋचा काम्बोज ने किया। विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में संगीत प्रेमियों की भी भागीदारी रही।

कलाकारों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

संगीतमय संध्या में डॉ. सोमा घोष के साथ नवाज़िश जब्बार हुसैन खान ने तबले पर, परमिता मुखर्जी ने हारमोनियम पर, उमेश कुमार साहू ने कीबोर्ड पर, काशिफ निज़ामी ने सारंगी पर और पंकज बनई ने साइड रिदम पर संगत की। वहीं आस्था गुप्ता और आंचल शर्मा की नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का संचालन विशाल पांडे ने किया।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित संगीत प्रेमियों ने इस अभिनव संगीतमय प्रस्तुति की सराहना की। ‘शाम-ए-अख्तरी’ के माध्यम से बेगम अख्तर के जीवन और उनकी संगीत साधना को याद करते हुए यह संदेश दिया गया कि महान कलाकार भले ही हमारे बीच न रहें, लेकिन उनकी आवाज, कला और संगीत की विरासत हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहती है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।