ग्रेटर नोएडा में PNB खातों से 10.24 करोड़ की हेराफेरी! महिला कर्मचारी समेत 8 पर CBI का शिकंजा
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (31/10/2026): ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में ग्राहकों की जमा पूंजी में कथित हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। बैंक खातों से बिना अनुमति करोड़ों रुपये दूसरे खातों में ट्रांसफर करने और फिक्स्ड डिपॉजिट रसीद (FDR) में अनियमितता बरतने के आरोप लगे हैं। शुरुआती जांच में करीब 10.24 करोड़ रुपये की वित्तीय गड़बड़ी की आशंका जताई गई है। मामले में CBI की गाजियाबाद एंटी करप्शन ब्रांच ने महिला बैंक कर्मचारी दीपांशी समेत आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले का खुलासा 16 सितंबर 2026 को हुआ, जब संगीता नाम की एक खाताधारक अपने पति और बेटी के साथ पासबुक अपडेट कराने बैंक पहुंचीं। पासबुक में उनके खाते से तीन ऐसे लेनदेन दर्ज मिले, जिनकी जानकारी उन्हें नहीं थी। इस पर उन्होंने बैंक अधिकारियों से जवाब मांगा। उस समय शाखा प्रबंधक मौजूद नहीं थे। ऐसे में महिला कर्मचारी दीपांशी ने उनसे बातचीत की और संबंधित लेनदेन को सही बताया।
बाद में शिकायत बैंक के चीफ मैनेजर अजय कुमार पांडे तक पहुंची, जिसके बाद उन्होंने मामले की जांच कराई। पूछताछ के दौरान दीपांशी ने कथित तौर पर बताया कि संगीता ने अपने पति से फोन पर बातचीत के बाद प्रॉपर्टी में निवेश के लिए आशुतोष कुमार पाठक के खाते में पैसे भेजने की सहमति दी थी। हालांकि, बैंक रिकॉर्ड में इन तीनों लेनदेन से संबंधित आवश्यक वाउचर नहीं मिले। इससे बैंक अधिकारियों का संदेह गहरा गया।
बैंक की शिकायत के मुताबिक, दीपांशी ने वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी और अनुमति के बिना उनके लॉगिन क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल कर ग्राहकों के खातों से रकम ट्रांसफर की। पूछताछ में उसने कथित तौर पर आशुतोष पाठक के कहने पर लेनदेन करने की बात स्वीकार की। आरोप यह भी है कि रकम निकासी से संबंधित दस्तावेज नष्ट कर दिए गए, ताकि लेनदेन का रिकॉर्ड उपलब्ध न रहे।
जांच के दौरान आशुतोष पाठक के बैंक खाते की भी पड़ताल की गई। शिकायत में कहा गया है कि यह खाता दीपांशी ने ही खुलवाया था। इसके अलावा ग्राहकों के खातों से आशुतोष पाठक के साथ-साथ प्रदीप कुमार, मेमबंती देवी, प्रियंका कुमारी, शांति देवी, शालिनी और सरोज देवी के बैंक खातों में भी रकम ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई। बैंक को आशंका है कि कथित हेराफेरी की रकम को कई खातों के जरिए अलग-अलग स्थानांतरित कर एक खाते तक पहुंचाया गया।
बैंक की शिकायत के आधार पर CBI ने महिला कर्मचारी दीपांशी समेत कुल आठ आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। फिलहाल एजेंसी संदिग्ध बैंक खातों, लेनदेन, लॉगिन क्रेडेंशियल्स के इस्तेमाल और FDR से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ग्राहकों की जमा पूंजी किस प्रक्रिया से निकाली गई, इस पूरे मामले में किन लोगों की क्या भूमिका रही और कथित तौर पर हड़पी गई रकम आखिर कहां पहुंची। मामले में आगे की जांच जारी है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।