राष्ट्रीय एकता दिवस पर अमित शाह, राष्ट्रपति मुर्मू और उपराज्यपाल संधू ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (31 October 2026): राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर देशभर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती मनाई गई। दिल्ली में इस मौके पर संसद मार्ग स्थित सरदार पटेल चौक पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद बांसुरी स्वराज ने सरदार पटेल को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी मौजूद रहे। सभी गणमान्य लोगों ने देश के एकीकरण में सरदार पटेल के ऐतिहासिक योगदान को याद किया और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रीय एकता के लिए किया गया ऐतिहासिक कार्य आज भी अखंड, एकजुट और मजबूत भारत के निर्माण के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की विरासत विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देती है। संधू ने इस अवसर पर आयोजित ‘एकता दौड़’ में भी हिस्सा लिया। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बंदी संजय कुमार, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता तथा सांसद बांसुरी स्वराज के साथ आम नागरिकों के बीच दौड़ में सहभागिता की। उन्होंने इसे राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और आपसी सम्मान के संदेश को मजबूत करने वाला आयोजन बताया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में आयोजित ‘एकता दौड़’ में हिस्सा लिया, जिसका शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों का विलय कर सदियों से बिखरी राष्ट्रीय आकांक्षाओं को एक अखंड भारत का स्वरूप दिया। आज एकता दौड़ में शामिल होकर सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि सरदार साहब ने जिस भारत को एक सूत्र में जोड़ा था, उसे सशक्त, सुरक्षित और विकसित बनाने का संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में और दृढ़ हो रहा है।

राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश को 31 दिसंबर 2029 तक पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के सपने को पूरा करने के लिए नशामुक्त भारत का निर्माण सबसे अहम और पहला कदम है। युवाओं को नशे से बचाना और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। अमित शाह ने कहा कि नशे का कारोबार देश की युवा पीढ़ी के भविष्य को नुकसान पहुंचाता है, इसलिए भारत को ड्रग्स मुक्त बनाने के लिए निर्णायक अभियान चलाने की जरूरत है।

अमित शाह ने देश की आंतरिक सुरक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने 31 मार्च तक देश को नक्सलवाद के साये से पूरी तरह बाहर निकालने का लक्ष्य हासिल किया है और अब भारत को नशामुक्त बनाना अगली बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल की विरासत का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। गृह मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के एकीकरण में सरदार पटेल के योगदान को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ का निर्माण कराकर सरदार पटेल को देश और दुनिया में उचित पहचान दिलाई है।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय और बंदी संजय कुमार, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद बांसुरी स्वराज सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। ‘एकता दौड़’ में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन के जरिए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और सम्मान का संदेश दिया गया। सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित इन कार्यक्रमों में उनके उस ऐतिहासिक योगदान को याद किया गया, जिसने रियासतों में बंटे भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित करने में निर्णायक भूमिका निभाई थी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।