नोएडा के स्कूल में दूसरी कक्षा के छात्र के साथ मारपीट का आरोप

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (31/10/2026): नोएडा के सेक्टर-71 स्थित ग्लोबल इंडियन इंटरनेशनल स्कूल में दूसरी कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में मौजूद कुछ बच्चों ने छात्र को जमीन पर गिराकर पीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद बच्चे के पिता ने स्कूल प्रबंधन से जवाब मांगा और सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की। हालांकि, पिता का आरोप है कि स्कूल प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और फुटेज उपलब्ध कराने में भी देरी की।

मामले में सेक्टर-61 स्थित रॉयल गार्डन एस्टेट निवासी चिराग ढिंगरा ने फेज-3 थाने में शिकायत दी है। उनका बेटा निष्कर्ष ढिंगरा स्कूल की कक्षा दो-ई में पढ़ता है। शिकायत के अनुसार, 27 अक्टूबर को सुबह करीब 7:40 बजे वह बेटे को स्कूल छोड़कर आए थे। कुछ देर बाद बच्चा वापस घर पहुंचा और परिजनों को बताया कि स्कूल में कक्षा के कुछ बच्चों ने उसे फर्श पर गिराकर पीटा।

बेटे की बात सुनने के बाद पिता ने स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर घटना की जानकारी मांगी। साथ ही, पूरे घटनाक्रम की सच्चाई जानने के लिए सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग दिखाने को कहा। आरोप है कि कक्षा अध्यापक, कोऑर्डिनेटर, वाइस प्रिंसिपल और प्रिंसिपल से अनुरोध करने के बावजूद सुबह से शाम तक फुटेज दिखाने में टालमटोल की जाती रही।

शिकायतकर्ता का दावा है कि काफी प्रयासों के बाद उन्हें करीब 20 से 30 मिनट की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग दिखाई गई, जिसमें बेटे के साथ मारपीट की घटना सामने आई। पिता ने यह भी सवाल उठाया कि बच्चे को सुबह 7:40 बजे स्कूल छोड़ा गया था, जबकि कक्षा में शिक्षिका के सुबह 8:05 बजे पहुंचने की बात सामने आई है। उन्होंने इस दौरान बच्चों की देखरेख और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी पर सवाल उठाए हैं।

पिता ने मामले में लापरवाही बरतने और सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ की आशंका जताते हुए पुलिस से रिकॉर्डिंग सुरक्षित कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फेज-3 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात बच्चों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 125(ए) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।