गौतमबुद्ध नगर में 1 नवंबर से ‘ऑपरेशन फास्ट’ की शुरुआत, एंबुलेंस के लिए बनेगा ग्रीन कॉरिडोर

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar News (30/10/2026): गौतमबुद्ध नगर में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अधिक प्रभावी और तेज बनाने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की ओर से 1 नवंबर से ‘ऑपरेशन फास्ट’ शुरू किया जाएगा। इस पहल के तहत मरीजों को लेकर अस्पताल जा रही एंबुलेंस को यातायात में प्राथमिकता देते हुए निर्बाध रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। इसका उद्देश्य एंबुलेंस के अस्पताल पहुंचने में लगने वाले समय को कम करना और मरीजों को जल्द से जल्द चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ऑपरेशन की जानकारी देते हुए बताया कि ‘FAST’ का पूरा नाम ‘फास्ट एंबुलेंस सीमलेस ट्रांजिशन’ है। इस व्यवस्था के तहत एंबुलेंस को सुगम रास्ता उपलब्ध कराने के लिए तीन स्तरों पर काम किया जाएगा। जहां संभव होगा, वहां एंबुलेंस के लिए समर्पित लेन बनाई जाएगी। वहीं, व्यस्त चौराहों और प्रमुख क्रॉसिंग पर यातायात को नियंत्रित कर एंबुलेंस को प्राथमिकता के साथ निकाला जाएगा। इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस, स्थानीय थानों और चौकियों के पुलिसकर्मियों को विशेष मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत प्रशिक्षित किया गया है।

उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के सुचारु संचालन के लिए पुलिस कंट्रोल रूम, आईटीएस कंट्रोल रूम और जेवर जिला कंट्रोल रूम के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। इसके अलावा प्रमुख अस्पतालों के प्रबंधन और 108 एंबुलेंस सेवा के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एंबुलेंस के लिए निर्धारित मार्गों के साथ वैकल्पिक रूट भी तैयार किए गए हैं, ताकि यातायात की स्थिति के अनुसार रास्ते में बदलाव किया जा सके।

एंबुलेंस की आवाजाही को लेकर आम लोगों को भी सतर्क किया जाएगा। इसके लिए शहर के सार्वजनिक उद्घोषणा सिस्टम और पीआरवी वाहनों के माध्यम से सूचना प्रसारित की जाएगी। पुलिस की ओर से वाहन चालकों से एंबुलेंस को रास्ता देने और उसके गुजरने तक यातायात में सहयोग करने की अपील की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ऑपरेशन शुरू होने से पहले व्यस्त समय के दौरान ट्रायल रन भी किया गया। इसमें जिले की सीमा से एक प्रमुख अस्पताल तक करीब 12 किलोमीटर की दूरी एंबुलेंस ने महज 10 मिनट में तय की। वहीं, 27 किलोमीटर का सफर लगभग 22 मिनट में पूरा किया गया। पुलिस का लक्ष्य भविष्य में इन समय सीमाओं को और कम करना है, ताकि गंभीर मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के अस्पताल पहुंचाया जा सके।

लक्ष्मी सिंह ने शहरवासियों और वाहन चालकों से अपील की कि एंबुलेंस का सायरन सुनते ही उसे तत्काल रास्ता दें और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि एंबुलेंस को रास्ता नहीं देने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई का प्रावधान है। पुलिस इस संबंध में जागरूकता अभियान भी चलाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों के सहयोग से ‘ऑपरेशन फास्ट’ को सफल बनाया जा सकेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।