बिल्डरों के भूजल दोहन पर रोक और किसानों को शिक्षा-चिकित्सा में छूट दिलाने की मांग

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (30/10/2026): नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण के अधिसूचित क्षेत्रों में निजी बिल्डरों द्वारा भूजल के इस्तेमाल और स्थानीय किसानों को शिक्षा एवं चिकित्सा सुविधाओं में रियायत न मिलने का मामला अब जोर पकड़ने लगा है। इन दोनों मुद्दों को लेकर करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने तीनों प्राधिकरणों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने और व्यापक स्तर पर आंदोलन शुरू करने की तैयारी की है।

इस संबंध में संगठन की महत्वपूर्ण बैठक ग्रेटर नोएडा के सेक्टर चाई-4 में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में लगातार बढ़ती निर्माण गतिविधियों के बीच भूजल संरक्षण की आवश्यकता और किसानों को जमीन के बदले मिलने वाले अधिकारों को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और आलोक नागर ने कहा कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में संचालित निजी बिल्डरों द्वारा भूजल के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण जरूरी है। भूजल एक महत्वपूर्ण प्राकृतिक संसाधन है और इसका अनियंत्रित दोहन भविष्य में जल संकट को गंभीर बना सकता है। संगठन ने मांग की कि बिल्डरों द्वारा भूजल के इस्तेमाल की निगरानी की जाए और नियमों के अनुरूप कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में किसानों के लिए शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं में रियायत का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया। चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि स्थानीय किसानों की अधिग्रहित जमीन पर स्थापित स्कूलों और अस्पतालों की लीज डीड में किसानों को शिक्षा एवं चिकित्सा सेवाओं में छूट देने संबंधी शर्तें दर्ज हैं। इसके बावजूद इन सुविधाओं का लाभ किसानों को प्रभावी रूप से नहीं मिल पा रहा है। संगठन की मांग है कि संबंधित संस्थानों और प्राधिकरणों के माध्यम से लीज डीड की शर्तों का पालन कराया जाए, ताकि प्रभावित किसान परिवारों को उनका निर्धारित लाभ मिल सके।

संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूजल संरक्षण और किसानों के अधिकारों से जुड़े इन दोनों विषयों को तीनों विकास प्राधिकरणों के अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा। मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में व्यापक आंदोलन की रणनीति के तहत आगे कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में आलोक नागर, बलराज हूण, ब्रह्मपाल कपासिया, लव यादव और मुकेश कसाना सहित संगठन के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।