फर्जी जीएसटी फर्म्स बनाकर 18 करोड़ की जीएसटी चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (22 फरवरी 2025): क्राइम ब्रांच गौतमबुद्ध नगर और थाना बीटा-2 पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी जीएसटी फर्म्स रजिस्टर कराकर करीब 18 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान प्रदीप उर्फ पंकज शर्मा, दुष्यंत शर्मा उर्फ देवेंद्र शर्मा और सब्बन अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चार मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनमें महत्वपूर्ण सबूत मिलने की संभावना है।

पुलिस के अनुसार, 20 और 21 फरवरी को क्राइम ब्रांच व थाना बीटा-2 पुलिस की टीम ने इस मामले में संयुक्त कार्रवाई की। पूछताछ के लिए अपराध शाखा कार्यालय बुलाने के बाद अपराध की पुष्टि होने पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने फर्जी किरायानामा और फर्जी बिजली के बिलों का इस्तेमाल कर फर्जी फर्में रजिस्टर कराई थीं। इन फर्मों के नाम से लगभग 100 करोड़ रुपये के फर्जी बिल तैयार किए गए, जिससे करीब 18 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी कर सरकार को भारी राजस्व नुकसान पहुंचाया गया।

इस बड़े जीएसटी घोटाले का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस आगे की जांच में जुटी है और पता लगा रही है कि इस रैकेट में और कौन-कौन शामिल हो सकता है। प्रशासन का मानना है कि यह संगठित गिरोह हो सकता है, जो जीएसटी चोरी के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर सरकार को चूना लगा रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितनी और फर्जी कंपनियां बनाई हैं और क्या इनके पीछे किसी बड़े नेटवर्क का हाथ है।

इस तरह की जीएसटी चोरी से न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान होता है, बल्कि व्यापारिक प्रतिस्पर्धा भी प्रभावित होती है। पुलिस की इस कार्रवाई को टैक्स चोरी रोकने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध जीएसटी गतिविधि की जानकारी मिले, तो वे तुरंत इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि ऐसे घोटालों को समय रहते रोका जा सके।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।