नई दिल्ली (21 फरवरी 2025): दिल्ली में भाजपा सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आयुष्मान भारत योजना को लागू करने का महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इसके साथ ही, विधानसभा में सी.ए.जी. की लंबित सभी रिपोर्टों को रखने का प्रस्ताव पारित कर भ्रष्टाचार के प्रति अपनी जीरो टॉलरेंस नीति को स्पष्ट किया।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि भाजपा सरकार की यह पहली कैबिनेट बैठक राजधानी के विकास और पारदर्शिता की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा ने दिल्लीवासियों से वादा किया था कि सत्ता में आते ही पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को लागू किया जाएगा, और आज यह वादा पूरा कर दिया गया है। शीघ्र ही संकल्प पत्र में किए गए अन्य वादों को भी अमल में लाया जाएगा।
सचदेवा ने कहा कि भाजपा सरकार और पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार के बीच सबसे बड़ा अंतर यही है कि यह सरकार जनता की आकांक्षाओं को केंद्र में रखकर कार्य करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल सरकार में मुख्यमंत्री विभाग विहीन रहते थे, अधिकांश मंत्रियों को मामूली विभाग सौंपे गए थे, जबकि एक या दो मंत्री ही सारे महत्वपूर्ण विभाग संभालते थे, जिससे प्रशासनिक निष्क्रियता बढ़ी और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला।
भाजपा सरकार ने यमुना आरती कर यह संकेत दिया है कि वह दिल्ली में यमुना सफाई अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सचदेवा ने कहा कि यह सरकार नगर निगम, डी.डी.ए. और अन्य निकायों के साथ समन्वय बनाकर दिल्ली के सर्वांगीण विकास का संकल्प पूरा करेगी।
भाजपा सरकार के इस निर्णय से दिल्लीवासियों में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में भाजपा सरकार अपने अन्य चुनावी वादों को भी तेजी से पूरा करेगी।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।