मुनाफे के लालच में लाखों की साइबर ठगी का शिकार हुआ नोएडा का व्यापारी

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा, (19 फरवरी 2025): डिजिटल मार्केटिंग और ऑनलाइन ट्रेडिंग के बढ़ते दौर में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नोएडा में सामने आया, जहां मस्टर्ड ऑयल (सरसों तेल) के एक बड़े व्यापारी को अधिक मुनाफा कमाने की चाहत भारी पड़ गई और वह 12 लाख रुपये की साइबर ठगी का शिकार हो गया। पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

ऑनलाइन सस्ती डील पड़ी भारी

नोएडा निवासी अभिषेक (काल्पनिक नाम) एक बड़े मस्टर्ड ऑयल व्यापारी हैं, जो थोक में तेल खरीदने और बेचने का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने अधिक मुनाफा कमाने के लिए ऑनलाइन सस्ता माल खरीदने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने इंडियामार्ट वेबसाइट पर कई कंपनियों से संपर्क किया। इस दौरान उन्हें एक कंपनी के प्रस्ताव में दिलचस्पी हुई, जहां सामान्य थोक दर से भी कम कीमत पर मस्टर्ड ऑयल उपलब्ध कराया जा रहा था।

अभिषेक ने दिए गए नंबर पर संपर्क किया और बातचीत के बाद 12 लाख रुपये में तेल की डील फाइनल कर ली। भुगतान की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उन्होंने आरटीजीएस के जरिए पूरी रकम संबंधित अकाउंट में ट्रांसफर कर दी। ठगों ने अभिषेक का विश्वास जीतने के लिए उन्हें ऑर्डर की एक फर्जी रसीद भी भेज दी।

जब डिलीवरी नहीं आई तो हुआ एहसास

डील पूरी होने के बाद जब अभिषेक ने तय समय पर ऑर्डर की डिलीवरी लेने की कोशिश की, तो कंपनी का दिया गया नंबर स्विच ऑफ आने लगा। उन्होंने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। धीरे-धीरे उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हो गई है। इसके बाद उन्होंने तुरंत एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और साइबर क्राइम थाना, नोएडा में एफआईआर दर्ज करवाई।

पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस जांच के दौरान यह पता चला कि साइबर ठगों ने इंडियामार्ट पर फर्जी नाम से मस्टर्ड ऑयल बेचने वाली एक कंपनी रजिस्टर्ड करवाई थी। इस कंपनी का न तो कोई असली ऑफिस था और न ही कोई वैध दस्तावेज। वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर भी फर्जी निकले। यह गिरोह इसी तरह कई व्यापारियों को सस्ते दामों पर सामान देने का लालच देकर ठग चुका था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

साइबर ठगी से बचने के लिए ज़रूरी सावधानियां

आजकल ऑनलाइन धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में व्यापारियों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की जरूरत है। कुछ अहम सावधानियां अपनाकर साइबर ठगी से बचा जा सकता है:

1. फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट से बचें: ऑनलाइन शॉपिंग या ट्रेडिंग से पहले हमेशा कंपनी की साख की जांच करें। केवल विश्वसनीय और प्रतिष्ठित वेबसाइटों से ही लेन-देन करें।

2. वेबसाइट की प्रमाणिकता जांचें: किसी भी वेबसाइट पर खरीदारी करने से पहले उसके डोमेन नेम, स्पेलिंग, डॉट्स, अंडरस्कोर आदि को ध्यान से जांचें।

3. बेहद सस्ते ऑफर्स से बचें: यदि कोई डील बाज़ार मूल्य से बहुत सस्ती मिल रही हो, तो उसमें धोखाधड़ी की संभावना अधिक होती है।

4. ऑनलाइन पेमेंट से पहले जांच करें: भुगतान से पहले कंपनी का पूरा विवरण और उसकी विश्वसनीयता की जांच अवश्य करें।

5. संदिग्ध लेन-देन की सूचना दें: यदि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का संदेह हो, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन या पुलिस को सूचित करें।

नोएडा पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से यह संदेश जाता है कि साइबर अपराधियों की धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता बेहद जरूरी है। व्यापारियों और ग्राहकों को चाहिए कि वे किसी भी ऑनलाइन लेन-देन से पहले पूरी जांच-पड़ताल करें, ताकि किसी भी तरह की धोखाधड़ी का शिकार होने से बचा जा सके।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।