खरगे के लंच पर जुटे INDIA गठबंधन के सांसद, CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आगे की रणनीति पर होगा मंथन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (08 October 2026): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी विपक्षी विरोध के बीच आज एक बार फिर INDIA गठबंधन के सांसदों को लंच पर बुलाया है। लगातार दूसरे दिन होने वाली यह बैठक दोपहर 1:45 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित Moets K-14 रेस्टोरेंट में आयोजित की जा रही है। बैठक में राहुल गांधी समेत INDIA गठबंधन के कई प्रमुख नेताओं और सांसदों के शामिल होने की संभावना है।

लंच बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के दल चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। विपक्षी दल SIR और चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे हैं और ‘वोट चोरी’ जैसे आरोपों के जरिए चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े कर रहे हैं। ऐसे में आज की बैठक को विपक्ष की आगे की रणनीति तय करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

बैठक में विपक्षी सांसद अपने विरोध प्रदर्शन को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, INDIA गठबंधन के सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात का समय मांगने के लिए एक पत्र पर हस्ताक्षर भी कर सकते हैं। इसके जरिए विपक्ष चुनाव प्रक्रिया से जुड़े अपने सवाल और अपनी मांगें सीधे चुनाव आयोग के सामने रखने की कोशिश करेगा।

खरगे की ओर से लगातार दूसरे दिन आयोजित की जा रही इस लंच बैठक में समाजवादी पार्टी के सांसद भी शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में मौजूद सपा सांसदों के बैठक में पहुंचने की संभावना है और सपा की ओर से राजीव राय के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। इससे पहले बुधवार को भी खरगे ने INDIA गठबंधन के नेताओं के लिए दिल्ली के जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में लंच बैठक आयोजित की थी।

अब आज की बैठक के बाद विपक्षी सांसदों की अगली राजनीतिक और आंदोलनात्मक रणनीति को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है। एक तरफ INDIA गठबंधन चुनाव आयोग के खिलाफ अपने विरोध को लगातार तेज करने की तैयारी में है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मुलाकात की मांग को लेकर भी विपक्ष सक्रिय नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि लंच बैठक के बाद आने वाले दिनों में विपक्ष के आंदोलन को लेकर बड़े फैसले सामने आ सकते हैं।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।