नोएडा प्राधिकरण से FONRWA का सीधा सवाल: 6 महीने से बैठक का इंतजार
टेन न्यूज़ नेटवर्क
Noida News (06 October 2026): फेडरेशन ऑफ नोएडा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (FONRWA) ने नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से जनहित से जुड़े मुद्दों पर FONRWA की कार्यकारिणी के साथ शीघ्र बैठक आयोजित करने की मांग की है। FONRWA ने आरोप लगाया कि पिछले छह माह से अधिक समय से बैठक के लिए लगातार अनुरोध किए जाने के बावजूद अभी तक बैठक की तिथि निर्धारित नहीं की गई है।
FONRWA के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने कहा कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी से कई बार व्यक्तिगत रूप से बैठक का अनुरोध किया गया। उनके निर्देश पर FONRWA ने 13 जुलाई 2026 को विस्तृत एजेंडा और ज्ञापन भी प्राधिकरण को सौंपा था, लेकिन लंबे समय के बाद भी बैठक आयोजित नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि FONRWA द्वारा उठाए गए मुद्दे किसी एक संस्था तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नोएडा के लाखों निवासियों से जुड़े जनहित के विषय हैं।
उन्होंने कहा कि ज्ञापन में नागरिक सुविधाओं और लंबित समस्याओं के समाधान के साथ-साथ नोएडा प्राधिकरण के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई के सुझाव भी शामिल हैं।
FONRWA के महासचिव के.के. जैन ने कहा कि 23 जुलाई 2026 को मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को FONRWA द्वारा प्रस्तुत ज्ञापन में उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर नियमानुसार कार्रवाई कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे, ताकि FONRWA पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की कार्रवाई की जा सके। इसके बावजूद अभी तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
के.के. जैन ने यह भी कहा कि 9 अक्टूबर 2025 को नोएडा प्राधिकरण के साथ हुई बैठक में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णय भी अब तक लंबित हैं। उन्होंने कहा कि बैठकों में लिए गए निर्णयों का समयबद्ध क्रियान्वयन जरूरी है, तभी नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान संभव है।
FONRWA ने मुख्य कार्यपालक अधिकारी से मांग की है कि FONRWA की कार्यकारिणी के साथ शीघ्र बैठक की तिथि तय की जाए, 13 जुलाई 2026 को सौंपे गए ज्ञापन के प्रत्येक बिंदु पर संबंधित विभागों की कार्रवाई आख्या उपलब्ध कराई जाए और 9 अक्टूबर 2025 की बैठक में लिए गए लंबित निर्णयों पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही FONRWA ने प्राधिकरण के कार्यों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी से संबंधित शिकायतों पर प्रभावी और समयबद्ध कार्रवाई की मांग की है।
के.के. जैन ने कहा कि FONRWA नोएडा के निवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण के साथ सकारात्मक और रचनात्मक संवाद के पक्ष में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र बैठक आयोजित करेंगे और लंबित जनहित के मामलों के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।