स्विस राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का किया निरीक्षण
टेन न्यूज नेटवर्क
Jewar News (06/10/2026): स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन मंगलवार को जेवर पहुंचे, जहां उन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तृत निरीक्षण किया। राष्ट्रपति के साथ स्विट्जरलैंड का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा। दोपहर करीब 1 बजे एयरपोर्ट परिसर पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने लगभग दो घंटे तक एयरपोर्ट की निर्माण प्रगति, मौजूदा सुविधाओं और भविष्य की विकास योजनाओं की जानकारी ली।
कार्गो टर्मिनल समेत प्रमुख सुविधाओं का लिया जायजा
दौरे के दौरान राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन ने एयरपोर्ट के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से कार्गो टर्मिनल सहित एयरपोर्ट की प्रमुख व्यवस्थाओं और विकसित किए जा रहे इंफ्रास्ट्रक्चर का जायजा लिया।
एयरपोर्ट से जुड़े अधिकारियों ने स्विस प्रतिनिधिमंडल को परियोजना की निर्माण प्रगति, संचालन व्यवस्था और यात्रियों के लिए तैयार की जा रही आधुनिक सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल को एयरपोर्ट की मौजूदा क्षमता के साथ-साथ आने वाले समय में प्रस्तावित विस्तार और विकास योजनाओं से भी अवगत कराया गया।
अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा
निरीक्षण के दौरान एयरपोर्ट की क्षमता, आधुनिक सुविधाओं, कार्गो इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी साझा की गई। अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि एयरपोर्ट को भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है।
राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन का यह दौरा भारत और स्विट्जरलैंड के बीच बढ़ते व्यापारिक, निवेश और तकनीकी सहयोग के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच कारोबारी संबंधों के विस्तार के साथ ज्यूरिख एयरपोर्ट और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच संभावित हवाई संपर्क को लेकर भी संभावनाओं पर चर्चा हुई।
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
स्विस राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए जेवर एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तैनात रहीं। प्रतिनिधिमंडल के आवागमन को देखते हुए एयरपोर्ट के आसपास यातायात व्यवस्था को भी नियंत्रित रखा गया।
करीब दो घंटे के निरीक्षण के बाद राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन और स्विस प्रतिनिधिमंडल एयरपोर्ट से रवाना हो गया। उनका यह दौरा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की वैश्विक संभावनाओं, अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी और भारत-स्विट्जरलैंड के बीच संभावित विमानन सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।