NCLC-2026: शारदा यूनिवर्सिटी में जुटे वैश्विक वैज्ञानिक, लिक्विड क्रिस्टल की नई तकनीकों पर मंथन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (22/11/2026): विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच लिक्विड क्रिस्टल विज्ञान की संभावनाओं और उसके व्यावहारिक उपयोगों पर चर्चा के लिए शारदा यूनिवर्सिटी में देश-विदेश के वैज्ञानिकों और शोध विशेषज्ञों का जमावड़ा लगा। विश्वविद्यालय में ‘लिक्विड क्रिस्टल पर 33वें राष्ट्रीय सम्मेलन’ (NCLC-2026) का सफल आयोजन किया गया। तीन दिवसीय इस सम्मेलन में वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और युवा वैज्ञानिकों ने हिस्सा लेकर इस क्षेत्र में हो रहे नए शोध, तकनीकी विकास और भविष्य की चुनौतियों पर विचार साझा किए।
सम्मेलन का आयोजन शारदा यूनिवर्सिटी के भौतिकी एवं पर्यावरण विज्ञान विभाग ने इंडियन लिक्विड क्रिस्टल सोसाइटी (ILCS) के सहयोग से किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लिक्विड क्रिस्टल विज्ञान में नवीनतम शोध को प्रोत्साहित करने के साथ विभिन्न वैज्ञानिक क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और उद्योग जगत के बीच सहयोग को मजबूत करना रहा।

तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित सेंसिंग तकनीक, वेयरेबल और फ्लेक्सिबल इलेक्ट्रॉनिक्स, ऊर्जा की कम खपत करने वाले डिस्प्ले, बायो-इंस्पायर्ड मटेरियल, नैनोटेक्नोलॉजी, एडवांस्ड ऑप्टिकल सिस्टम और अगली पीढ़ी की स्मार्ट सामग्री जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। वैज्ञानिक सत्रों के दौरान मुख्य व्याख्यान, विशेषज्ञों के संबोधन, तकनीकी चर्चाएं और शोध पत्रों की प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने शोध अनुभव साझा किए और विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में नए प्रयोगों एवं नवाचारों की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने अपने संबोधन में कहा कि लिक्विड क्रिस्टल विज्ञान आधुनिक तकनीकी विकास और सामाजिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सम्मेलन में प्रस्तुत शोध की गुणवत्ता और वैज्ञानिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए युवा शोधकर्ताओं को नए और क्रांतिकारी विचारों पर काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा जगत, शोध संस्थानों और उद्योगों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना वैज्ञानिक नवाचारों को आगे बढ़ाने और देश की तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने के लिए बेहद जरूरी है।
वहीं, शारदा यूनिवर्सिटी के डीन (रिसर्च) डॉ. भुवनेश कुमार ने कहा कि NCLC-2026 ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों से जुड़े शोधकर्ताओं को अपने विचारों और अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए एक प्रभावी मंच उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन में प्रस्तुत शोध कार्य भारत में एडवांस्ड मैटेरियल्स के क्षेत्र में बढ़ती वैज्ञानिक गतिविधियों और अनुसंधान की संभावनाओं को दर्शाते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वैज्ञानिक खोजों को वास्तविक जीवन में उपयोगी तकनीकों और नवाचारों में बदलने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के बीच सहयोग बढ़ाना आवश्यक है।

सम्मेलन के सह-संयोजक एवं शारदा यूनिवर्सिटी के एसोसिएट डीन (रिसर्च) डॉ. मोहित साहनी ने कहा कि NCLC-2026 ने लिक्विड क्रिस्टल विज्ञान के क्षेत्र में नए शोध और सार्थक वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि देशभर से आए शोधकर्ताओं, शिक्षाविदों और युवा वैज्ञानिकों की भागीदारी भारत के मजबूत होते शोध इकोसिस्टम को दर्शाती है। सम्मेलन में साझा किए गए विचार और शोध अनुभव भविष्य में नए अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और अंतर-विषयक सहयोग के लिए उपयोगी साबित होंगे।
इस अवसर पर शारदा यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. (डॉ.) सिबाराम खारा, शारदा यूनिवर्सिटी आगरा कैंपस के कुलपति डॉ. परमानंद, सम्मेलन के संयोजक प्रो. (डॉ.) पंकज त्रिपाठी, शारदा स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड साइंसेज की डीन डॉ. पल्लवी गुप्ता तथा इंडियन लिक्विड क्रिस्टल सोसाइटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार और डॉ. शशांक शर्मा सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इसके अलावा विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के डीन, विभागाध्यक्ष, फैकल्टी सदस्य और विद्यार्थियों ने भी सम्मेलन में भाग लिया।
सम्मेलन के माध्यम से वैज्ञानिक समुदाय को लिक्विड क्रिस्टल विज्ञान में हो रहे नए अनुसंधानों से जुड़ने, ज्ञान साझा करने और भविष्य की तकनीकी जरूरतों के अनुरूप शोध की संभावनाओं को तलाशने का अवसर मिला। NCLC-2026 ने उन्नत सामग्री और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अकादमिक एवं औद्योगिक सहयोग को नई दिशा देने पर भी जोर दिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।